विज्ञापन

NDTV Creators Manch: CSR के 100 रुपये में कला को 2 रुपये भी नहीं! दिग्‍गजों ने दिखाई 2036 की तस्‍वीर, बोले- निवेश भी बढ़ेंगे, रोजगार भी

NDTV क्रिएटर्स मंच पर वाराणसी में कला-संस्कृति के भविष्य पर चर्चा हुई. विशेषज्ञों ने CSR निवेश, रोजगार, उद्योग-अकादमिक साझेदारी और बनारसी हैंडलूम को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर दिया.

NDTV Creators Manch: CSR के 100 रुपये में कला को 2 रुपये भी नहीं! दिग्‍गजों ने दिखाई 2036 की तस्‍वीर, बोले- निवेश भी बढ़ेंगे, रोजगार भी
बनारस में कला-संस्कृति के भविष्य पर क्या बोले विशेषज्ञ?
NDTV इंडिया

कला और संस्कृति का भविष्य सिर्फ संग्रहालयों और विरासत को सहेजने तक सीमित नहीं है. इसे आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा, रोजगार, कॉरपोरेट निवेश और पारंपरिक शिल्प को नए बाजारों से जोड़ना भी जरूरी है. वाराणसी में आयोजित NDTV क्रिएटर्स मंच के सत्र 'फ्यूचर ऑफ आर्ट एंड कल्चर' में उद्योग और शिक्षा जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने इस पर अपने विचार रखे. चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि 2036 तक कला-संस्कृति के क्षेत्र में संस्थागत सहयोग और रोजगार के नए अवसर बढ़ने चाहिए. सत्र को NDTV की एग्‍जीक्‍यूटिव एडिटर गौरी द्विवेदी ने मॉडरेट किया.  

उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी जरूरी

जेके सीमेंट के ज्‍वाइंट मैनेजिंग डायरेक्‍टर और CEO माधव सिंघानिया ने कहा कि उद्योग और अकादमिक संस्थानों के बीच साझेदारी कला-संस्कृति को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है. उन्होंने CII और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) की साझेदारी का उदाहरण देते हुए इसे उद्योग और शिक्षा जगत के बीच संस्थागत सहयोग की अच्छी मिसाल बताया. उन्होंने नागरी प्रचारिणी सभा जैसी संस्थाओं का भी जिक्र किया, जिन्होंने हिंदी भाषा के विकास और संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

CSR के पैसे से संस्कृति को भी मिले बढ़ावा

CII की नेशनल कमिटी ऑन आर्ट एंड कल्चर की चेयरपर्सन तराना साहनी ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत संस्कृति पर होने वाले खर्च को बढ़ाने की जरूरत बताई. उन्होंने कहा कि CSR पर खर्च होने वाले हर 100 रुपये में से 2 रुपये से भी कम संस्कृति के लिए खर्च किए जाते हैं. उनके मुताबिक, कॉरपोरेट जगत को संस्कृति से जुड़ी पहलों में अधिक निवेश करना चाहिए, क्योंकि इससे समुदाय और समाज पर सकारात्मक असर पड़ता है.

बनारस के हैंडलूम को दुनिया के संग्रहालयों तक पहुंचाने की जरूरत

जुबिलेंट फूडवर्क्स की नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आस्थी भारतीया ने बनारस की हथकरघा और टेक्सटाइल परंपरा को आगे बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने भारत कला भवन में लगी प्रदर्शनी का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें संग्रहालय में संरक्षित पुराने वस्त्रों के साथ समकालीन डिजाइनरों के हैंडलूम उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं.

उनका मानना है कि हाथ से बने कपड़ों और मशीन से तैयार टेक्सटाइल, दोनों के लिए बाजार में जगह है. जरूरत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ने की है. उन्होंने बनारस के पारंपरिक वस्त्रों को दुनिया के दूसरे संग्रहालयों तक पहुंचाने की इच्छा भी जताई.

सदियों की सोच के साथ तैयार हों संस्थान

BHU के कुलपति प्रो अजीत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि कला-संस्कृति के क्षेत्र में अकादमिक गतिविधियों को अधिक व्यवस्थित और व्यापक बनाने की जरूरत है. इसके लिए रोजगार के अवसर और कॉरपोरेट जगत का सहयोग जरूरी होगा. उन्होंने कहा कि BHU का विकास एक लंबी दूरदृष्टि के साथ किया गया था. संस्थानों को मजबूत बनाने के लिए ऐसी ही सोच की जरूरत है, जो पांच-दस साल नहीं, बल्कि सदियों तक असर छोड़ सके.

यह भी पढ़ें | NDTV क्रिएटर्स मंच: गंगा किनारे जुटीं देश की चर्चित हस्तियां, काशी में स्वच्छता और संस्कृति को बढ़ाने पर चर्चा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NDTV Creators Manch, NDTV Creators Manch Varanasi, NDTV Creators Dialogue, Art And Culture
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com