विज्ञापन

आज राम मंदिर ट्रस्ट ज्वाइन करेंगे पहले CEO; देश सेवा के बाद जीतेंद्र मिश्रा को अब मंदिर की जिम्मेदारी

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अहम जिम्मेदारी निभा चुके भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारी एयर मार्शल (रिटायर्ड) जीतेंद्र मिश्रा आज श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का पदभार ग्रहण करेंगे. उन्हें 5,000 से अधिक उम्मीदवारों में से चयनित किया गया है.

आज राम मंदिर ट्रस्ट ज्वाइन करेंगे पहले CEO; देश सेवा के बाद जीतेंद्र मिश्रा को अब मंदिर की जिम्मेदारी
Ram Mandir Trust CEO: एयर मार्शल (रिटायर्ड) जीतेंद्र मिश्रा आज संभालेंगे जिम्मेदारी
NDTV
अयोध्या:

अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्रबंधन को नई दिशा देने के लिए मंगलवार को एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जीतेंद्र मिश्रा आधिकारिक तौर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का कार्यभार संभालेंगे. भारतीय वायुसेना में लगभग 39 वर्षों की शानदार सेवा देने वाले जीतेंद्र मिश्रा को हाल ही में ट्रस्ट ने इस महत्वपूर्ण पद के लिए नियुक्त किया था. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके मिश्रा अब राम मंदिर के प्रशासन, सुरक्षा, वित्तीय प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनकी नियुक्ति को ट्रस्ट के संस्थागत ढांचे को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

ट्रस्ट की बैठक में हुआ था चयन

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इसी महीने एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जीतेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का पहला CEO नियुक्त किया था. यह फैसला ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक में लिया गया था, जिसमें सर्च कमेटी की सिफारिशों पर विचार किया गया. बताया गया कि इस पद के लिए 5,000 से अधिक संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार किया गया था, जिनमें से जीतेंद्र मिश्रा का चयन किया गया.

39 वर्षों का सैन्य अनुभव

ट्रस्ट के अनुसार जीतेंद्र मिश्रा ने भारतीय वायुसेना में 39 वर्षों से अधिक समय तक सेवा दी है. वह नेशनल डिफेंस अकादमी (NDA) के पूर्व छात्र हैं और 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में कमीशन प्राप्त किया था. उन्होंने हाल के वर्षों में कई महत्वपूर्ण सैन्य जिम्मेदारियां निभाईं. ट्रस्ट ने उनकी नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए इस पद के लिए उपयुक्त बताया है.

ऑपरेशन सिंदूर से राम मंदिर प्रशासन तक

एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जीतेंद्र मिश्रा ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कमांडर के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई थी. अब उनकी भूमिका सैन्य नेतृत्व से संस्थागत प्रशासन की ओर बढ़ रही है. राम मंदिर ट्रस्ट का मानना है कि उनके अनुभव से मंदिर प्रशासन को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.

प्रशासन और सुरक्षा पर रहेगा फोकस

CEO के रूप में जीतेंद्र मिश्रा की प्रमुख जिम्मेदारियों में मंदिर का प्रशासनिक और वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों का संचालन, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना शामिल होगा. राम मंदिर में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इन जिम्मेदारियों को काफी अहम माना जा रहा है.

नियुक्ति पर जताया आभार

नियुक्ति के बाद जीतेंद्र मिश्रा ने ट्रस्ट का आभार जताते हुए कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें दो बार राष्ट्रसेवा का अवसर मिला है. उन्होंने कहा, 'मेरा हृदय कृतज्ञता से भरा हुआ है. मैं स्वयं को आज सबसे भाग्यशाली व्यक्ति मानता हूं कि मुझे जीवन में दूसरी बार यह जिम्मेदारी मिली है. पहली बार देश की सेवा करने का अवसर मिला और अब भगवान राम, मंदिर और उनके भक्तों की सेवा संगठन और प्रशासन के माध्यम से करने का अवसर मिला है.'

यह भी पढ़ें : राम मंदिर पहले CEO जितेंद्र मिश्रा अयोध्या पहुंच संभाला कार्यभार; बोले- राष्ट्र सेवा के बाद अब रामलला की सेवा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir Trust, Ram Mandir Trust CEO, Jeetendra Mishra, Jitendra Mishra Air Marshal, Jitendra Mishra Ram Mandir CEO
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com