विज्ञापन
2 years ago
नई दिल्ली:

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार को 92 साल की उम्र में यहां एम्स में निधन हो गया. तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुवार शाम को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. एम्स ने एक आधिकारिक बयान में बताया कि उन्हें शाम 8.06 पर एम्स के मेडिकल इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था. इससे पहले उम्र से संबंधित बीमारियों के लिए उनका उपचार चल रहा था और घर पर वह अचानक बेहोश हो गए थे. उन्होंने गुरुवार रात 9.51 बजे अंतिम सांस ली.

मनमोहन सिंह साल 2004 से 2014 तक दो बार प्रधानमंत्री रहे थे. उनकी गिनती देश के बड़े अर्थशास्त्रियों में होती थी. पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की निधन की खबर मिलने के बाद एम्स के बाहर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई है. 

एमपी के सीएम ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत की पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें। आरबीआई के गवर्नर, देश के वित्त मंत्री एवं प्रधानमंत्री जैसे दायित्व को निभाते हुए उन्होंने अपनी कुशल और दूरदर्शी नीतियों से देश की आर्थिक समृद्धि के प्रयासों में सहभागिता की और विभिन्न चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया. देश के आर्थिक विकास में योगदान के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा. दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं."

हिमंत बिस्वा सरमा ने दी श्रद्धांजलि

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "मुझे डॉ. मनमोहन सिंह को 1991 से जानने का सौभाग्य मिला है, जब वह असम से पहली बार राज्यसभा के लिए चुने गए थे. एक ऐसा राज्य, जिसका उन्होंने 28 वर्षों तक प्रतिनिधित्व किया. डॉ. साहब विनम्रता के प्रतीक थे और वह कभी सत्ता के मोह में नहीं झुके. उनके साथ मेरी सभी बातचीत में उनकी सादगी और शालीनता, उनके बौद्धिक कौशल के साथ हमेशा सामने आई. प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान मुझे असम से संबंधित मुद्दों पर उनसे बातचीत करने का अवसर मिला और उन्होंने हमेशा हमें धैर्यपूर्वक सुना और सामाजिक मुद्दों के प्रति दृढ़ विश्वास दिखाया. विभाजन के बाद के भारत में साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद उन्होंने कई प्रतिष्ठित पदों पर राष्ट्र की सेवा की. उनके निधन से राष्ट्र ने एक महान देशभक्त, एक असाधारण विद्वान, एक अपरंपरागत राजनीतिज्ञ और एक बेहतरीन राजनेता खो दिया है."

जेपी नड्डा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री और प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री का निधन पूरे देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है. उन्होंने डॉ. सिंह को 'दूरदर्शी राजनेता और भारतीय राजनीति का निष्ठावान' बताया.

सौतेले भाई भी आ रहे

अमृतसर में रहने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सौतेले भाई सुरजीत सिंह कोहली ने कहा कि वह अपने भाई के निधन की खबर मिलने के बाद दिल्ली जा रहे हैं. केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है

सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है

एम्स से घर लाया जाएगा मनमोहन सिंह का का पार्थिव देह

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का का पार्थिव देह रात में ही दिल्ली एम्स से घर ले जाए जाने की संभावना है. मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी रात में ही दिल्ली पहुंच जाएंगे . पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सौतेले भाई सुरजीत सिंह कोहली ने कहा कि वह अपने भाई के निधन की खबर मिलने के बाद दिल्ली जा रहे हैं.

मनमोहन सिंह के निधन पर लालू यादव

आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने लिखा, 'आदरणीय पूर्व प्रधान मंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन का दुखद समाचार सुना. सरदार मनमोहन सिंह जी ईमानदारी, सादगी, सज्जनता, सरलता, विनम्रता, बुद्धिमत्ता व दूरदर्शिता की प्रतिमूर्ति थे. आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार सरदार मनमोहन सिंह ने आधुनिक व स्वावलंबी भारत की नींव रखी.'

मनमोहन सिंह के निधन पर उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने भारत के आर्थिक परिदृश्य को पूरी तरह से बदल दिया. 

मनमोहन सिंह का निधन: कांग्रेस के सभी कार्यक्रम रद्द

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार रात 92 साल की उम्र में निधन हो गया है. कांग्रेस ने 2 जनवरी तक अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. कल की रैली भी रद्द कर दी गई है.

नीतीश कुमार ने जताया शोक

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पोस्ट में कहा, 'देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन दुःखद है. वे एक कुशल राजनेता और अर्थशास्त्री थे. उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली. डॉ. मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है. हम ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं.'

7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया जाएगा

भारत सरकार के सूत्रों ने बताया कि डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. कल होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है. साथ ही 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया जाएगा. कल सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक होगी.

मनमोहन सिंह के रूप में अपना मार्गदर्शक खो दिया: राहुल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर बृहस्पतिवार को दुख जताया और कहा कि उन्होंने आज अपना एक संरक्षक और मार्गदर्शक खो दिया है. मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया. वह 92 साल के थे. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया. श्रीमती कौर और परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना. मैंने एक संरक्षक और मार्गदर्शक खो दिया है. हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे."

अमित शाह ने जताया दुख

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है. भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई. दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें."

उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा : राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुःख हुआ. उन्होंने कठिन समय में भारत की अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनकी सेवा और बुद्धिमत्ता के लिए उन्हें व्यापक रूप से सम्मान दिया जाता था. भारत की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं."

राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति : जेपी नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने दुख जताते हुए कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री और अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह का निधन राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है. वह एक दूरदर्शी राजनेता और भारतीय राजनीति के दिग्गज थे, उन्होंने सार्वजनिक सेवा में अपने उल्लेखनीय करियर के दौरान लगातार दलितों के कल्याण के लिए आवाज उठाई. मनमोहन सिंह की विरासत राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी. उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं."

बहुत दुखी हूं : नितिन गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स अकाउंट पर लिखा, "मैं पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुखी हूं. भारत की आर्थिक प्रगति में उनका अमूल्य योगदान हमारे राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है. वह अद्वितीय विनम्रता और शांत स्वभाव के धनी थे. उन्होंने हमेशा देश के कल्याण को सबसे ऊपर रखा. भाजपा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मुझे कई मौकों पर उनसे मिलने का सौभाग्य मिला. प्रत्येक बातचीत ने एक अमिट छाप छोड़ी. आज भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित बेटों में से एक के निधन पर शोक मना रहा है. मैं उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं."

चंद्रबाबू नायडू व्यक्त की संवेदना

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह के निधन से बहुत दुख हुआ. मनमोहन सिंह विनम्रता, बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के प्रतीक थे. साल 1991 में वित्त मंत्री के रूप में अपने आर्थिक सुधारों से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में अपने नेतृत्व तक उन्होंने देश की अथक सेवा की और लाखों लोगों का उत्थान किया. उनका निधन राष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है. उनके परिवार, प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं."

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रकट किया शोक

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का देहावसान अत्यंत दुखद सूचना है. उन्होंने भारतीय राजनीति में अर्थशास्त्र के जानकार के रूप में एक पृथक पहचान बनाई. उनके सद्कार्य याद किए जाएंगे. परमात्मा से परिवारजनों और समर्थकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना है."

पूर्व CM रमन सिंह ने जताया दुख

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और भाजपा के वरिष्ठ नेता रमन सिंह ने कहा, "देश के पूर्व प्रधानमंत्री और विद्वान अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह के निधन के समाचार से व्यथित हूं. वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री जैसे पदों पर रहकर उन्होंने राष्ट्र की सेवा में जो योगदान दिया, उसे भुलाया नहीं जा सकता है. उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिजनों और समर्थकों को धैर्य और संबल प्रदान करें."

मनमोहन सिंह के निधन पर गौतम अदाणी ने जताया शोक

देश के पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया. गुरुवार देर शाम दिल्ली स्थित एम्स में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर शोक व्यक्त किया है. 

भूपेश बघेल ने जताया शोक

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और दिग्गज कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'देश आपका आभारी रहेगा सर. इतिहास आपके योगदान से सदैव परिपूर्ण रहेगा. एक महान राष्ट्र कर्मी आज जीवन के अंतिम सफर पर हम सबसे विदा हो गए हैं. उनके व्यक्तित्व, योगदान और देशसेवा के लिए शब्द कम हैं. पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन बड़ी क्षति है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें."

डॉ. मनमोहन सिंह का जन्म 26 सितंबर 1932 को पश्चिमी पंजाब के गाह में हुआ था, जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। उनके पिता का नाम गुरमुख सिंह और मां का नाम अमृत कौर था. उन्होंने साल 1958 में गुरशरण कौर से शादी की थी। उनकी तीन बेटियां भी हैं, जिनका नाम उपिंदर सिंह, दमन सिंह और अमृत सिंह हैं.

मनमोहन सिंह 1998 से 2004 तक विपक्ष के नेता भी रहे. हालांकि, साल 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली जीत के बाद उन्होंने देश के 14वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली. उन्होंने यूपीए-1 और 2 में प्रधानमंत्री का पद संभाला था. उन्होंने पहली बार 22 मई 2004 और दूसरी बार 22 मई 2009 को प्रधानमंत्री के पद की शपथ ली थी.

पीएम मोदी ने जताया दुख

मनमोहन सिंह की स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है. उनके हाल जाने के लिए उनके पार्टी के नेता एम्स पहुंचे रहे हैं.

बेलगावी में कांग्रेस पार्टी की रैली रद्द कर दी गई. शुक्रवार के सभी कार्यक्रम रद्द किए गए.

रात करीब 11 बजे जारी की जाएगी हेल्थ बुलेटिन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी दिल्ली एम्स पहुंचे हैं.

प्रियंका गांधी पहुंचीं दिल्ली एम्स

सूत्रों से मिली जानकरी के अनुसार रात 8 बजे के करीब पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को AIIMS लाया गया. 

मनमोहन सिंह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे हैं. वह कई महीनों से व्हीलचेयर पर ही हैं. अभी एम्स में डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि अचानक उनकी तबीयत ज्यादा खराब होने पर एम्स के इमरजेंसी वार्ड में उन्हें लाया गया.

दिल्ली एम्स पहुंची मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर

मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर भी दिल्ली एम्स पहुंची हैं. पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के परिवार के सदस्यों का एम्स पहुंचना शुरू हो गया है. एम्स के अंदर सिक्योरिटी प्रोटोकॉल को बढ़ाया जा रहा है. 

दिल्ली एम्स पहुंची प्रियंका गांधी

एम्स के अंदर लगातार सिक्योरिटी प्रोटोकॉल को बढ़ाया जा रहा है. प्रियंका गांधी दिल्ली एम्स पहुंची हैं.

आपातकालीन विभाग में मनमोहन सिंह का इलाज जारी

सूत्रों ने बताया कि 92 वर्षीय मनमोहन सिंह को अस्पताल के आपातकालीन विभाग में लाया गया है. सिंह के अस्पताल में भर्ती होने का कारण तत्काल पता नहीं चल सका है. 

AIIMS में मनमोहन सिंह का इलाज जारी

सूत्रों से मिली जानकरी के अनुसार रात 8 बजे के करीब पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को AIIMS लाया गया. सूत्र बता रहे हैं कि डॉक्टर सिंह को लंग्स इन्फेक्शन है. फिलहाल डॉक्टरों की टीम गहनता से जांच कर रही है.

मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ी

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने के बाद बृहस्पतिवार शाम उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Manmohan Singh Health News, Manmohan Singh Health Update, Manmohan Singh Health News Update, Manmohan Singh Health In AIIMS, Manmohan Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com