विज्ञापन
This Article is From Jul 12, 2025

SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने चीन जाएंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर, इन मुद्दों पर हो सकती है बात

एससीओ के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक 15 जुलाई को होगी. इसमें विदेश मंत्री एस जयशंकर भी जाएंगे. चीन के बयान में कहा गया है कि विभिन्‍न देशों के विदेश मंत्री विभिन्न क्षेत्रों में एससीओ सहयोग और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे.

SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने चीन जाएंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर, इन मुद्दों पर हो सकती है बात
  • विदेश मंत्री एस जयशंकर अगले सप्ताह चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे.
  • जयशंकर की यह यात्रा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की हालिया चीन यात्राओं के बाद हो रही है.
  • चीन वर्तमान में एससीओ का अध्यक्ष है और इस समूह की बैठकों की मेजबानी कर रहा है, जिसमें दस सदस्य देश शामिल हैं.
बीजिंग:

विदेश मंत्री एस जयशंकर अगले सप्ताह चीन जाएंगे. इस दौरान जयशंकर चीन के तियानजिन शहर में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे. चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से शनिवार को यह जानकारी दी गई है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने शनिवार को एक बयान में कहा कि एससीओ के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक 15 जुलाई को तियानजिन में होगी.

इस बयान में कहा गया है कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी के निमंत्रण पर एससीओ के अन्य सदस्य देशों के विदेश मंत्री और संगठन के स्थायी निकायों के प्रमुख बैठक में भाग लेंगे.

भारत और चीन के बीच इन मुद्दों पर हो सकती है बात

चीन के बयान में कहा गया है कि मंत्री विभिन्न क्षेत्रों में एससीओ सहयोग और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे.

इस दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को सामान्य बनाने की प्रक्रिया, ऑटोमोबाइल सहित कई उत्पादों के निर्माण के लिए आवश्यक महत्वपूर्ण धातुओं पर चीन की रोक सहित कई मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है.

राजनाथ सिंह, अजीत डोभाल हाल ही में पहुंचे थे चीन 

जयशंकर की यह यात्रा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार(एनएसए) अजीत डोभाल की हालिया चीन यात्राओं के बाद हो रही है. 

पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर 2020 के सैन्य गतिरोध के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों के अत्यधिक तनावपूर्ण होने के बाद जयशंकर की यह पहली चीन यात्रा होगी.

ऐसा माना जा रहा है कि वांग इस महीने सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधि (एसआर) स्तरीय वार्ता के तहत एनएसए डोभाल के साथ बातचीत के एक नये दौर के लिए भारत भी आ सकते हैं. वांग और डोभाल दोनों ही सीमा तंत्र के नामित विशेष प्रतिनिधि हैं.

दोनों देशों ने 3,488 किलोमीटर लंबे जटिल सीमा विवाद को सुलझाने के लिए विशेष प्रतिनिधि तंत्र के तहत 23 दौर की वार्ता की है, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. 

रक्षा मंत्री सिंह पिछले महीने एससीओ के रक्षा मंत्रियों के सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीनी शहर चिंगदाओ गए थे.

वर्तमान में एससीओ का अध्‍यक्ष है चीन 

चीन वर्तमान में एससीओ का अध्यक्ष है और इसी हैसियत से वह इस समूह की बैठकों की मेजबानी कर रहा है.

चीनी रक्षा मंत्री जनरल डोंग जुन के साथ अपनी वार्ता के दौरान सिंह ने 26 जून को प्रस्ताव दिया था कि भारत और चीन को एक ‘रोडमैप' के तहत ‘‘जटिल मुद्दों'' को हल करना चाहिए, जिसमें सीमाओं पर तनाव कम करने और सीमांकन के लिए मौजूदा तंत्र को फिर से सुचारु करने के लिए कदम उठाना शामिल है.

एससीओ में 10 सदस्य देश शामिल हैं - चीन, रूस, भारत, ईरान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और बेलारूस.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
S Jaishankar, SCO, SCO Foreign Ministers Meeting
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com