विज्ञापन

रायसीना टोक्यो 2026 : जयशंकर ने बताए वैश्विक व्यवस्था के पांच बड़े झटके, बोले- भरोसेमंद साझेदारी ही सबसे बड़ा समाधान

जयशंकर ने कहा कि इन परिस्थितियों में बड़ी अर्थव्यवस्थाएं जोखिम कम करने और विकल्प बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं. अब फैसले केवल लागत और कार्यकुशलता के आधार पर नहीं लिए जा रहे, बल्कि भरोसेमंदता और कई विकल्पों की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण हो गई है.

रायसीना टोक्यो 2026 : जयशंकर ने बताए वैश्विक व्यवस्था के पांच बड़े झटके, बोले- भरोसेमंद साझेदारी ही सबसे बड़ा समाधान
विदेश मंत्री एस. जयशंकर
NDTV
टोक्‍यो:

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ 'रायसीना टोक्यो 2026' के उद्घाटन सत्र में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि आज की दुनिया पांच प्रमुख बदलावों और चुनौतियों के दौर से गुजर रही है. सभा को संबोध‍ित करते हुए उन्‍होंने कहा क‍ि 'रायसीना टोक्यो' का उद्घाटन सत्र यह उन वैश्विक चर्चाओं का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिन्हें 'रायसीना प्लेटफॉर्म' ने दुनिया भर में शुरू किया है. यह बहुत उपयोगी और सही समय पर हो रहा है, क्योंकि आज जापान और भारत तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य पर विचार कर रहे हैं और अपने संबंधों को बढ़ाने की रणनीति बना रहे हैं.

इस दौरान जयशंकर ने दुनिया की मौजूदा स्थिति पर अपनी बात रखते हुए कहा कि आज का वैश्विक परिदृश्य पांच प्रमुख विशेषताओं से परिभाषित होता है. पहला, अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को लगातार झटकों और चुनौतियों का सामना: उन्होंने कहा कि कई दशकों तक वैश्वीकरण के जरिए अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था लगातार आगे बढ़ती रही, लेकिन हाल के वर्षों में उसे कई बड़े झटकों का सामना करना पड़ा है. कोविड-19 महामारी, दो बड़े युद्धों, व्यापार में रुकावटों और आर्थिक अस्थिरता ने वैश्विक व्यवस्था को गहराई से प्रभावित किया है.

दूसरा, संसाधनों और तकनीक का बढ़ता रणनीतिक इस्तेमाल: जयशंकर ने कहा कि ऊर्जा, प्राकृतिक संसाधन, बाजार तक पहुंच, तकनीक और यहां तक कि वित्तीय प्रणाली का भी अब रणनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है. चाहे भौतिक मार्ग हों या डिजिटल प्लेटफॉर्म, कई महत्वपूर्ण रास्ते अब देशों की रणनीतिक नीतियों का हिस्सा बन गए हैं. नियमों, मानदंडों और पुराने भरोसे पर आधारित व्यवस्था धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है.

तीसरा, जोखिम उठाने की बढ़ती प्रवृत्ति: उन्होंने कहा कि देशों के व्यवहार में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. अत्यधिक प्रतिस्पर्धा की सोच और अपनी बढ़त को वास्तविक परिणामों में बदलने की इच्छा ने देशों को पहले की तुलना में ज्यादा जोखिम लेने के लिए प्रेरित किया है. इसका असर विभिन्न क्षेत्रों में दिखाई दे रहा है.

चौथा, डी-रिस्किंग (जोखिम कम करना) और विविधीकरण की ओर बढ़ती दुनिया: जयशंकर ने कहा कि इन परिस्थितियों में बड़ी अर्थव्यवस्थाएं जोखिम कम करने और विकल्प बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं. अब फैसले केवल लागत और कार्यकुशलता के आधार पर नहीं लिए जा रहे, बल्कि भरोसेमंदता और कई विकल्पों की उपलब्धता भी महत्वपूर्ण हो गई है.

उन्होंने कहा कि नई सप्लाई चेन और नए आर्थिक ढांचे उभर रहे हैं. किसी एक देश या क्षेत्र पर अत्यधिक निर्भरता के खतरे अब साफ दिखाई देने लगे हैं, इसलिए देश नए विकल्प खोज रहे हैं या जोखिम कम करने के उपाय अपना रहे हैं.

पांचवां, भरोसेमंद साझेदारियां सबसे बड़ा समाधान: विदेश मंत्री ने कहा कि ऐसे अनिश्चित समय में देशों और कंपनियों दोनों के लिए भरोसेमंद साझेदारों का महत्व काफी बढ़ गया है. इसके साथ ही छोटी और अधिक विश्वसनीय सप्लाई चेन की जरूरत भी पहले से कहीं ज्यादा महसूस की जा रही है. उन्होंने संकेत दिया कि आज की अस्थिर और बदलती दुनिया में मजबूत, विश्वसनीय और दीर्घकालिक साझेदारियां ही आर्थिक और रणनीतिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का सबसे प्रभावी तरीका है.

व‍िदेश मंत्री ने कहा क‍ि जापान को भारत के साथ अपने संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए कुछ महत्वपूर्ण बातों पर ध्यान देना चाहिए. जापान को 2014 के बाद भारत में हुए बड़े बदलावों को समझना चाहिए और भारत के बारे में अपनी सोच को नई वास्तविकताओं के अनुसार अपडेट करना चाहिए. भारत में बुनियादी ढांचे में तेज सुधार और विशाल घरेलू बाजार जापानी कंपनियों के लिए विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और उत्पादन का एक आकर्षक केंद्र बन चुके हैं.

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत ने मानव संसाधन विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. इसके परिणाम शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार, स्टार्टअप, डिजिटल तकनीक, अंतरिक्ष, ड्रोन, स्वास्थ्य और रक्षा जैसे क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने दोनों देशों से उन्नत विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और दवा उद्योग जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसर तलाशने का आह्वान किया.

जयशंकर ने कहा कि सुरक्षा और रक्षा के क्षेत्र में भी साथ मिलकर काम करने के लिए नई नीतियां और मजबूत ढांचे विकसित किए जाने चाहिए. इन सभी प्रयासों को सफल बनाने के लिए लोगों के बीच संपर्क, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक स्तर पर रिश्तों को मजबूत करना जरूरी है.

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और जापान के बीच इतिहास में कभी हितों का टकराव नहीं हुआ. दोनों देशों के रिश्ते हमेशा दोस्ताना और सकारात्मक रहे हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री सनाए तकाइची के नेतृत्व में भारत और जापान के बीच सहयोग और अधिक मजबूत होगा.

जयशंकर ने कहा कि भारत और जापान को अपने-अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करते हुए स्वतंत्र निर्णय लेने की आजादी को बढ़ावा देना चाहिए और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में विकास, स्थिरता और शांति को मजबूत करना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत-जापान संबंधों के विस्तार से न केवल इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को अधिक सुरक्षित और स्थिर बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि एशिया और दुनिया में उभरती बहुध्रुवीय व्यवस्था को भी एक मजबूत आधार मिलेगा.

IANS इनपुट के साथ

ये भी पढ़ें : सीटों से सम्मान को जोड़ने वाली कांग्रेस को समाजवादी पार्टी ने दिया जवाब, नंबर एक और दो नहीं छोड़ेगी पार्टी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
S Jaishankar Speech Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com