विज्ञापन
This Article is From Apr 21, 2023

जम्‍मू-कश्‍मीर के पुंछ में आतंकी हमले में शहीद जवानों की शहादत से हर किसी की आंखें नम

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना की गाड़ी पर आतंकी हमले की जांच फ़ॉरेंसिक और आला अधिकारियों की टीम कर रही है. हमले में 5 जवान शहीद हुए हैं. सर्च ऑपरेशन जारी है.

पुंछ आतंकी हमले में शहीद जवानों में 4 पंजाब और एक ओडिशा से
नई दिल्‍ली:

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में गुरुवार दोपहर सेना की गाड़ी पर हुए आतंकी हमले में 5 जवान शहीद हो गए. शहीद जवानों में 4 पंजाब के हैं, जबकि एक ओडिशा का है. हमला भिंबर गली और पुंछ के बीच राजौरी सेक्टर में हुआ. आतंकवादियों ने भारी बारिश और कम विज़िबिलिटी का फ़ायदा उठाते हुए सेना की गाड़ी पर फ़ायरिंग की. इस दौरान ग्रेनेड के संभावित हमले से गाड़ी में आग लग गई, जिसमें पांच जवान शहीद हो गए और एक गंभीर रूप से घायल है. फॉरेंसिक विभाग के आला अधिकारियों की टीम राजौरी पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.

जवानों के शहीद होने की खबर जैसे ही उनके घर पहुंची तो घर में मातम पसर गया. शहीद जवानों के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. जवानों की शहादत से हर किसी की आंखें नम हैं. परिवार के लोग एक-दूसरे को सांत्वना दे रहे हैं. परिजनों ने सरकार से घटना को अंजाम देने वालों को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की. साथ ही सरकार से आर्थिक सहायता की भी मांग की है.
  
जो 5 जवान शहीद हुए हैं, उसमें से चार पंजाब के थे, तो एक ओडिशा के रहने वाले थे. इस हमले में लुधियाना के हवलदार मनदीप सिंह. गुरदासपुर के सिपाही हरकिशन सिंह, मोगा के लांसनायक कुलवंत सिंह, बठिंडा के सिपाही सेवक सिंह और ओडिशा के पुरी ज़िले के लांसनायक देबाशीष शहीद हुए हैं. 

सूत्रों ने बताया कि अधिकारियों ने वाहन पर गोलियों के निशान देखे हैं और वहां से ग्रेनेड के टुकड़े बरामद हुए हैं, जिससे इसके आतंकी हमला होने की पुष्टि हुई है. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि वह बहादुर सैनिकों की शहादत से दुखी हैं. उन्होंने एक ट्वीट में कहा, "राष्ट्र के लिए उनकी सेवा को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं." सेना ने कहा कि आतंकियों को पकड़ने के लिए अभियान जारी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ammu And Kashmir, Soldiers Martyred, Poonch
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com