विज्ञापन

'हमसे गलतियां हुईं...,' ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच ने सैंडपेपर कांड पर तोड़ी चुप्पी, बताया कैसे बर्बाद हुआ करियर

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच डेरेन लेहमैन ने 2018 के सैंडपेपर विवाद में शामिल होने की बात से फिर इनकार किया है. उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया था और सामान्य जीवन में लौटने में 3-4 साल लग गए.

'हमसे गलतियां हुईं...,' ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच ने सैंडपेपर कांड पर तोड़ी चुप्पी, बताया कैसे बर्बाद हुआ करियर
Darren Lehmann
NDTV

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मुख्य कोच डेरेन लेहमैन ने 2018 के केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ के लिए ‘सैंडपेपर' (रेगमाल) इस्तेमाल करने की योजना की जानकारी होने से एक बार फिर इनकार करते हुए कहा कि उन्हें याद नहीं है कि वह उससे जुड़ी बातचीत के दौरान मौजूद थे. उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम के मुख्य कोच रहे लेहमैन ने कहा कि गेंद से छेड़छाड़ के विवाद ने उन्हें मानसिक रूप से बेहद मुश्किल दौर में पहुंचा दिया था.

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान ‘एबीसी रेडियो' पर कमेंट्री करते हुए लेहमैन से पूछा गया कि क्या उन्हें मैदान पर सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी? इस पर उन्होंने कहा, 'नहीं. मुझे नहीं पता था कि सैंडपेपर का इस्तेमाल किया जा रहा है. उस समय मैं टीम का कोच था और इसकी जिम्मेदारी मुझे लेनी होगी.' उन्होंने कहा, 'जो कुछ हुआ, उसके लिए मुझे खेद है. मेरी गलती थी कि मामला इस हद तक पहुंच गया. गेंद से छेड़छाड़ का पूरा प्रकरण बेहद खराब दौर था. हम सभी से गलतियां हुईं.'

कमेंट्री की जिम्मेदारियों से किया मुक्त

‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' के मुताबिक लेहमैन बुधवार को होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे मैच के दौरान एबीसी रेडियो पर कमेंट्री करते हुए कैमरन बेनक्रॉफ्ट के आरोपों से जुड़े सवालों का जवाब नहीं दे सके थे जिसके बाद उन्हें कमेंट्री की जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया. बेनक्रॉफ्ट ने बुधवार को करीब 4,500 शब्दों के एक बयान में दावा किया था कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के सभी खिलाड़ियों को गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी थी.

उन्होंने आरोप लगाया था कि पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान हुई एक बातचीत में लेहमैन और गेंदबाजी कोच डेविड सेकर मौजूद थे. इस बातचीत में डेविड वॉर्नर ने गेंद के एक हिस्से को सैंडपेपर से खुरदरा करने का सुझाव दिया था, ताकि रिवर्स स्विंग हासिल की जा सके. लेहमैन ने वॉर्नर की ओर से इस तरह का प्रस्ताव दिए जाने वाली बातचीत में मौजूद होने की बात याद होने से इनकार किया.

रेगमाल को पतलून में छिपाते देखे गए बेनक्रॉफ्ट

उन्होंने कहा, 'मुझे याद नहीं है कि मैं उस बातचीत के दौरान वहां मौजूद था. लेकिन यह साढ़े आठ साल पुरानी घटना है. आपको इस बारे में उन लोगों से पूछना होगा. यही समस्या है. मेरा अपना पक्ष है और मैं उसी पर कायम हूं.' केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान टेलीविजन फुटेज में बेनक्रॉफ्ट को रेगमाल अपनी पतलून में छिपाते हुए देखा गया था. अपनी सफाई में बेनक्रॉफ्ट ने आरोप लगाया कि घटना सामने आने के तुरंत बाद लेहमैन ने पीटर हैंड्सकॉम्ब से कहा था कि वह ‘बेंज' से सैंडपेपर तुरंत ले लें.

इस आरोप पर लेहमैन ने कहा, 'मुझे ठीक से याद नहीं है. यह सब घटना सामने आने के बाद हुआ था. टेलीविजन पर सब कुछ दिखाया जा चुका था. इस बारे में कैमरन का अपना नजरिया है, लेकिन मेरा पक्ष अलग है. मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहता.' क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से 2018 में की गई शुरुआती जांच में लेहमैन को रेगमाल इस्तेमाल करने की योजना की जानकारी होने के मामले में क्लीन चिट दे दी गई थी. विवाद के बाद उन्हें हालांकि ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कोच का पद छोड़ना पड़ा था.

लेहमैन से जब पूछा गया कि इस मामले के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया था या उन्हें बर्खास्त किया गया था, ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, ‘आप इस्तीफा देते हैं, लेकिन मुझे बहुत जल्दी साफ संकेत दे दिए गए थे कि इसके क्या परिणाम होंगे. उस समय मैं कोच था और मुझे इसकी जिम्मेदारी लेनी थी. इसलिए आप इसे इस्तीफा कहें या दबाव में लिया गया फैसला, जो भी नाम देना चाहें. अब इस घटना को साढ़े आठ साल हो चुके हैं. मेरे लिए वह दुनिया की सबसे अच्छी नौकरी थी और मुझे वह काम बेहद पसंद था.'

लेहमैन ने इस विवाद के अपने मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर पड़े गहरे असर के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा कि इस घटना से उबरने में उन्हें तीन से चार साल लग गए. उन्होंने कहा, 'मैं आपको और श्रोताओं को बता सकता हूं कि साढ़े आठ साल पहले जो कुछ हुआ, उसके बारे में बात करना मुझे पसंद नहीं है.

उन्होंने कहा कि, 'मैं मानसिक रूप से बेहद मुश्किल दौर में चला गया था. आप जितनी बुरी स्थिति की कल्पना कर सकते हैं, मैं उससे गुजर रहा था. सामान्य स्थिति में लौटने में मुझे शायद तीन-चार साल लग गए. मैं दोबारा उस दौर में नहीं जाना चाहता. अब आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा हूं और पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहता.' साल 2018 का ‘सैंडपेपर' विवाद दो सप्ताह पहले फिर चर्चा में आ गया था. ऑस्ट्रेलिया की टीम का हिस्सा रहे उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए खुलासों के बाद इस मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है.

यह भी पढ़ें-  नंबर-1 जो रूट, नंबर-2 स्टीव स्मिथ, 3000 WTC रन पूरे करने के बाद भी टॉप-5 में नहीं शुभमन गिल

यह भी पढ़ें-  ऑस्ट्रेलिया को मिला भारतीय मूल का मैच विनर, अभिषेक शर्मा के साथ खेल चुके निखिल ने इंग्लैड को किया धराशाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Australia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com