विज्ञापन

बिहार में सब रजिस्ट्रार पर EOU की बड़ी कार्रवाई, अकूत संपत्ति का खुलासा... 5 ठिकानों पर छापा

जांच में यह भी सामने आया है कि अमरेंद्र कुमार ने अपने और परिवार के नाम पर कई चल-अचल संपत्तियां अर्जित की हैं, जिनका वैध आय स्रोत से मेल नहीं बैठता. EOU अब जब्त किए गए दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है. (सुपौल से अभिषेक मिश्रा और छपरा से रंजीत विजय की रिपोर्ट)

बिहार में सब रजिस्ट्रार पर EOU की बड़ी कार्रवाई, अकूत संपत्ति का खुलासा... 5 ठिकानों पर छापा
सब-रजिस्ट्रार के ठिकानों पर EOU की कार्रवाई
Bihar News:

बिहार के सुपौल जिला मुख्यालय स्थित निबंधन कार्यालय में पदस्थापित सब-सजिस्ट्रार के खिलाफ EOU ने बड़ी कार्रवाई की है. इकोनोमिक ओफेंस यूनिट (EOU) ने सब-रजिस्ट्रार अमरेंद्र कुमार के 5 ठिकानों पर कार्रवाई की है, जिसमें सुपौल समेत पटना-छपरा के कई स्थान शामिल है. बता दें अमरेंद्र कुमार का पैतृक गांव छपरा है, वहां पर कई जगहों पर छापेमारी की गई है. जांच में सामने आया है कि अमरेंद्र कुमार के पास उनकी अज्ञात आय से करीब 65.8 प्रतिशत अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है. इसी के आधार पर EOU की टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की, फिलहाल छापेमारी जारी है.

जानकारी के अनुसार, EOU को लंबे समय से अमरेंद्र कुमार की संदिग्ध संपत्ति को लेकर शिकायतें मिल रही थीं. प्रारंभिक जांच के बाद मामला सत्य प्रतीत होने पर विशेष टीम का गठन किया गया. इसके बाद पटना सहित चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ रेड की गई. छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, निवेश से जुड़े कागजात, बैंक खातों का विवरण और अचल संपत्तियों से संबंधित रिकॉर्ड जब्त किए हैं.

1 करोड़ से ज्यादा की अज्ञात संपत्ति

जांच में यह भी सामने आया है कि अमरेंद्र कुमार ने अपने और परिवार के नाम पर कई चल-अचल संपत्तियां अर्जित की हैं, जिनका वैध आय स्रोत से मेल नहीं बैठता. EOU अब जब्त किए गए दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि संपत्ति के वास्तविक मूल्य और उसके स्रोत का पता लगाया जा सके. वैसे कहा जा रहा है कि सब-रजिस्ट्रार अमरेंद्र कुमार ने 1 करोड़ से भी ज्यादा की संपत्ति बनाई है.

वहीं, इस कार्रवाई के बाद निबंधन विभाग में हड़कंप मच गया है। कार्यालय के अन्य कर्मियों के बीच भी चर्चा का माहौल है. EOU अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं और जरूरत पड़ने पर अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी.

छपरा और पटना में कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, सारण जिले के गौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जवईनियां गांव स्थित उनके पैतृक आवास समेत पटना और सुपौल के ठिकानों पर EOU की टीम ने कोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई की. पटना EOU के डीएसपी सुनील कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जवईनियां गांव में करीब सवा दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, रजिस्ट्रार अमरेंद्र कुमार का अपने पैतृक गांव में आना-जाना काफी कम रहता है, जिसके चलते यहां से कोई खास बरामदगी नहीं हुई। हालांकि, अन्य ठिकानों पर चल रही छापेमारी में जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, नकदी और अन्य संपत्तियों से संबंधित कागजात मिलने की जानकारी सामने आ रही है.

फिलहाल, अमरेंद्र कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. EOU की टीम निबंधन कार्यालय में सघन जांच कर रही है. कार्यालय के मुख्य द्वार से आमलोगों की एंट्री फिलहाल बंद कर दी गई है.

यह भी पढ़ेंः अनंत सिंह समर्थक लहरा रहा था AK पैटर्न का प्रतिबंधित हथियार, पुलिस ने दर्ज की संगीन धाराओं में FIR

लेखक के बारे में
img
संदीप कुमार
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
EOU Action In Bihar, EOU Raid On Sub Registrar Supaul, Sub Registrar Amarendra Kumar, EOU Raid In Patna, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com