JoSAA 2026 IISc admission : अगर आप 12वीं के बाद इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहते हैं और आपका झुकाव रिसर्च और नई टेक्नोलॉजी की तरफ है, तो यह खबर आपके लिए है. देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc), बेंगलुरु ने इस साल से तीन नए और बेहद आधुनिक BTech प्रोग्राम शुरू किए हैं. अगर आप IIT के अलावा कोई दूसरा टॉप ऑप्शन तलाश रहे हैं, तो IISc बैंगलोर आपके करियर को नई उड़ान दे सकता है.
2026 से शुरू हो रहे हैं ये 3 नए कोर्स
IISc बैंगलोर में 'मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग' में BTech पहले से ही चल रहा है (जिसकी शुरुआत 2022-23 में हुई थी). लेकिन अब एकेडमिक ईयर 2026-27 से संस्थान तीन नए कोर्स ला रहा है-
- Aerospace Engineering
- Mechanics and Computing
- Materials Science and Engineering
ये सभी कोर्स 4 साल (8 सेमेस्टर) के हैं, जिनमें कुल 128 क्रेडिट होंगे. इनकी कक्षाएं इसी साल अगस्त से शुरू होने जा रही हैं.
जानिए इन कोर्सेज में क्या है खास?
1. एयरोस्पेस इंजीनियरिंगयह कोर्स उन छात्रों के लिए है जो आसमान और स्पेस की टेक्नोलॉजी में रुचि रखते हैं. इसमें आपको हवाई जहाजों और रॉकेट्स की डिजाइन, उनके उड़ने के तरीके (Aero-dynamics), इंजन (Propulsion) और कंट्रोल सिस्टम के बारे में सिखाया जाएगा. इसके साथ ही छात्रों को खास लैबोरेट्रीज में 'डिजाइन-बिल्ड-फ्लाई' प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा. तीसरे साल से आप अपनी पसंद के सब्जेक्ट चुनकर रिसर्च भी कर सकते हैं.
2. मटीरियल्स साइंस एंड इंजीनियरिंगभविष्य में आने वाली नई तकनीकों जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम कंप्यूटिंग, स्पेस मिशन और आधुनिक हेल्थकेयर के लिए यह कोर्स बहुत जरूरी है. इसमें छात्रों को एडवांस मेटल्स, सिरेमिक, पॉलिमर और बायो-मटीरियल्स के बारे में पढ़ाया जाएगा, जिनका इस्तेमाल भविष्य की मशीनों को बनाने में होगा.
3. मैकेनिक्स और कंप्यूटिंगयह कोर्स पारंपरिक मैकेनिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर कोडिंग का एक बेहतरीन मिक्स है. इसमें छात्र रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल करके मशीनों की वर्किंग और डिजाइनिंग को बेहतर बनाना सीखेंगे. इसमें इंडस्ट्री से जुड़े लाइव प्रोजेक्ट्स पर काम करने का भी मौका मिलेगा.
4. मैथमेटिक्स और कंप्यूटिंग (पुराना कोर्स)यह कोर्स उन छात्रों के लिए बेस्ट है जिनकी रुचि गणित, कंप्यूटर साइंस और डेटा साइंस में है. इसका एक बड़ा फायदा यह है कि संस्थान के मेडिकल स्कूल प्रोजेक्ट से जुड़कर छात्र AI-बेस्ड मेडिसिन पर भी काम कर सकते हैं.
एडमिशन कैसे मिलेगा?
IISc बैंगलोर के इन BTech कोर्सेज में एडमिशन लेने की प्रक्रिया बेहद आसान है. आपको किसी अलग पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं है:
योग्यताछात्रों को IIT में एडमिशन के लिए तय JoSAA (जोसा) के नियमों और 12वीं क्लास की योग्यता शर्तों को पूरा करना होगा.
कोई अलग फॉर्म नहींआपको IISc की वेबसाइट पर जाकर अलग से कोई फॉर्म नहीं भरना है.
JoSAA 2026 से एडमिशन
इन कोर्सेज में एडमिशन पूरी तरह से JoSAA 2026 की काउंसलिंग और सीट अलॉटमेंट के जरिए ही होगा.
आपको बस ये करना होगा:
- JoSAA 2026 के ऑफिशियल पोर्टल पर रजिस्टर करें.
- चॉइस फिलिंग के दौरान IISc BTech प्रोग्राम को अपनी पसंद के क्रम में चुनें और लॉक करें.
- काउंसलिंग में हिस्सा लें और सीट अलॉट होने पर एडमिशन लें.
यह भी पढ़ें- CBSE री-इवैल्यूएशन का रिजल्ट नहीं आया? घबराने की जरूरत नहीं! ऐसे करें रजिस्ट्रेशन, DU ने बताया पूरा प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं