- छतरपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की घटना हुई जिसमें एक किसान घायल हुआ.
- घायल किसान ने बागेश्वर धाम प्रमुख के भाई शालिग्राम गर्ग और साथियों पर उन पर गोली चलाने का आरोप लगाया.
- पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और एसडीओपी खजुराहो को मौके पर भेजकर सबूत जुटाए जा रहे हैं.
एमपी के छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है. बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग का नाम सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया. घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई.
घटना के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कह रही है.
कोड़ा गांव में फायरिंग से मचा हड़कंप
मामला राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा का है. यहां मंगलवार को हुई फायरिंग की घटना से गांव में दहशत फैल गई. घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग और उनके साथियों ने उन पर हमला किया. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है.

हमले में घायल किसान.
किसान ने जमीन को लेकर लगाया गंभीर आरोप
घायल किसान मोतीलाल कुशवाहा का कहना है कि क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है. उनका आरोप है कि जो किसान अपनी जमीन बेचने से इनकार करते हैं, उन्हें धमकाया जाता है और उनके साथ मारपीट की जाती है. मोतीलाल के मुताबिक, इसी विवाद के चलते उन पर गोली चलाई गई, जिससे वे घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी को मौके पर भेजा गया और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में एक्स-रे जांच के दौरान शरीर में गोली जैसी वस्तु दिखाई देने की जानकारी डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर दी है. पुलिस घायल के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.
घटनास्थल से जुटाए जा रहे सबूत
एसपी के मुताबिक, एसडीओपी खजुराहो को मौके पर भेजा गया है. घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली कहां से और किस परिस्थिति में चलाई गई. फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, खोखे और अन्य सबूत भी जुटाए जा रहे हैं ताकि मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके.
तीन नामजद और एक अज्ञात आरोपी
पुलिस के अनुसार, मामले में सतीश, शालिग्राम और आशीष को नामजद आरोपी बताया गया है. इसके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति का भी नाम सामने आया है. इस तरह कुल चार लोगों के संबंध में जांच की जा रही है. मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है.
पुलिस को दिए गए बयान में बताया गया है कि घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग हुई. आरोप है कि पहला फायर हवाई था, जबकि अन्य गोलियां घायल किसान को लगीं या छूते हुए निकलीं. एसपी ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट, एक्स-रे, एमएलसी रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं