- दिल्ली में गुरुवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है
- एनसीआर में अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है
- राजस्थान में भी तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंचा, शुक्रवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है
दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में सूरज की तपिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दिल्ली में गुरुवार को सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया, जब पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया. इसे मौसम की पहली गर्मी माना जा सकता है. दिल्ली के साथ ही राजस्थान, ओडिशा, कर्नाटक समेत कई राज्यों में तापमान काफी बढ़ गया है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू का अलर्ट भी जारी किया है. आने वाले कुछ दिन में मौसम तेजी से गर्म होगा.
दिल्ली में सीजन का सबसे गर्म दिन
राजधानी दिल्ली में गुरुवार को सीजन की पहली गर्मी महसूस की गई और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है. मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है. वहीं आंशिक रूप से बादल छाए रहगें और गरज और बिजली कड़कने का पूर्वानुमान भी है.
एनसीआर में अगले चार दिनों में गर्मी बरपाएगी कहर
एनसीआर में गर्मी ने अब कहर बरपाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा. गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 17 अप्रैल को भी यही स्थिति बनी रहेगी, लेकिन उसके बाद पारा लगातार चढ़ेगा. 18 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है. 19 और 20 अप्रैल को अधिकतम पारा 39 डिग्री तक पहुंच जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहेगा. 21 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो जाएगी, जब अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना है और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया जाएगा.

राजस्थान में हल्की बारिश के आसार
दिल्ली के साथ ही राजस्थान में भी पारा 40 के पार पहुंच चुका है. राजस्थान में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी का अनुमान है. गुरुवार का दिन राजस्थान के लिए इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, हालांकि 17 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, भरतपुर एवं बीकानेर संभाग के अलावा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आंधी व हल्की बारिश या बूंदाबांदी का अनुमान है.
गुजरात में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
गुजरात में भी पारा 40 डिग्री से पार जा चुका है. सबसे ज्यादा तापमान राजकोट में 42 डिग्री सेल्यिस दर्ज किया गया है. राज्य में 19 और 20 अप्रैल को मध्य स्तर की बारिश हो सकती है. वहीं 16 अप्रैल और 21 अप्रैल को मौसम शुष्क रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि 18 अप्रैल तक गुजरात के तटिय इलाकों में मौसम गर्म रह सकता है. प्रदेश में तीन दिनों तक लगातार इस तरह की स्थिति देखने को मिल सकती है.

छत्तीसगढ़ के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां घोषित
छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने 20 अप्रैल से 15 जून तक स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है.स्कूल शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी कर कहा कि पहले एक मई से 15 जून तक घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश में संशोधन करते हुए अब 20 अप्रैल से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां घोषित की गई हैं. अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है. रायपुर स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि 16 अप्रैल से 19 अप्रैल के बीच बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है.अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है.
ये भी पढ़ें - Monsoon News: कमजोर मॉनसून से आएगी आफत ! मौसम विभाग ने बजाई खतरे की घंटी, 5 साल हुई रिकॉर्ड बरसात के बाद टेंशन
ओडिशा में लू का कहर
ओडिशा में इन दिनों लू चल रही है. गुरुवार को राज्य के 12 जगहों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. बोलंगीर जिले के टिटलागढ़ शहर में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सीजन का सबसे गर्म दिन है. वहीं झारसुगुड़ा में पारा 43.6 डिग्री दर्ज किया गया. अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा, नयागढ़, गंजाम और गजपति जिलों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि मयूरभंज, क्योंझर, बालासोर, भद्रक और जाजपुर समेत अन्य जगहों पर आंधी और बिजली गिरने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: मौसम पलटेगा, फिर आएगी बारिश, 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट, दिल्ली NCR में पसीने छुड़ाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी
(एजेंसी के इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं