विज्ञापन
This Article is From Jun 27, 2025

दिल्ली में मानसून की लुका-छिपी जारी, मौसम विभाग ने बताया कब से होगी झमाझम बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले साल मानसून औसत से एक दिन देरी से 28 जून को राजधानी पहुंचा था. 2023 में 25 जून को, 2022 में 30 जून को और 2021 में 13 जुलाई को दिल्ली आया था.

दिल्ली में मानसून की लुका-छिपी जारी, मौसम विभाग ने बताया कब से होगी झमाझम बारिश
  • दिल्ली में तीन-चार दिनों से बादल छाए हैं, पर कुछ ही जगह हल्की बारिश हुई.
  • दिल्ली में मानसून आमतौर पर 27 से 30 जून के बीच पहुंचता है.
  • एंटी चक्रवाती सर्कुलेशन मानसून को दिल्ली की ओर बढ़ने में बाधा डाल रहा है.
  • आईएमडी ने अगले तीन-चार दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है.
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली में मानसून की लुका-छिपी जारी है. पिछले सप्ताह बारिश और आंधी का पूर्वानुमान व्यक्त किए जाने के बावजूद भी मानसून अभी तक राजधानी नहीं पहुंचा है. देरी के चलते निवासियों को शुक्रवार को तेज धूप और उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ा.

दिल्ली में मानसून के आने की दीर्घ अवधि औसत (एलपीए) तारीख 27 जून है. पिछले साल मानसून औसत से एक दिन देरी से 28 जून को यहां पहुंचा था. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार 2023 में 25 जून को, 2022 में 30 जून को और 2021 में 13 जुलाई को दिल्ली पहुंचा था.

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से दिल्ली में बादल छाए हुए हैं. हालांकि कुछ ही इलाकों में हल्की से बहुत हल्की बारिश हुई है. इस दौरान दिल्ली में दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलीं. विभाग के मुताबिक, मध्य व ऊपरी क्षेत्र में एक प्रति चक्रवाती सर्कुलेशन अत्यधिक प्रभावित हो रहा है जो मानसून को दिल्ली की ओर बढ़ने में बाधा डाल रहा है.

आईएमडी ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और हरियाणा व राजस्थान के आसपास के हिस्सों में भी यही स्थिति देखी गई है. हालांकि अगले तीन से चार दिनों में मौसमी हवाओं के उत्तर दिशा की ओर बढ़ने के साथ इस सिस्टम में बदलाव आने की उम्मीद है. आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 से 30 जून के आसपास ही दिल्ली पहुंचता है.

आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम है. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था. शाम साढ़े पांच बजे ह्यूमिडिटी (सापेक्षिक आर्द्रता) 72 प्रतिशत रही. आईएमडी ने शनिवार को मौसम के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. बादल छाए रहने, मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. 

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में शुक्रवार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 76 दर्ज किया गया जो संतोषजनक श्रेणी में आता है. शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 और 100 के बीच संतोषजनक, 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब और 401 और 500 के बीच एक्यूआई गंभीर माना जाता है.
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Weather, Delhi Monsoon, Imd
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com