विज्ञापन

यमुना जल समझौता बदेलगा शेखावाटी का सियासी समीकरण? सीकर, झुंझुनूं और चूरू में कौन मजबूत

बीते चुनाव के आंकड़े बताते हैं कि शेखावाटी का मतदाता किसी एक दल का स्थायी वोट बैंक नहीं है. यहां विकास और स्थानीय मुद्दे चुनावी नतीजों को प्रभावित करते हैं. 

यमुना जल समझौता बदेलगा शेखावाटी का सियासी समीकरण? सीकर, झुंझुनूं और चूरू में कौन मजबूत
यमुना जल समझौता बदेलगा शेखावाटी का सियासी समीकरण?

यमुना जल परियोजना को लेकर राजस्थान और हरियाणा के बीच एमओए पर हस्ताक्षर हो चुके हैं. भजन लाल सरकार इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बता रही है. दावा है कि इससे शेखावाटी के 75 लाखों लोगों की वर्षों पुरानी प्यास बुझाने का रास्ता खुल गया है, लेकिन इस समझौते के मायने सिर्फ पानी तक सीमित नहीं हैं. इसका सीधा असर राजस्थान की राजनीति, खासकर शेखावाटी के चुनावी समीकरणों पर भी पड़ सकता है. आखिर क्यों इस एमओए को बीजेपी और कांग्रेस दोनों अपने-अपने नजरिए से सबसे बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना रही हैं.

फाइलों में घूमती रही परियोजना

शेखावाटी यानी सीकर, झुंझुनूं और चूरू, राजस्थान का वह इलाका जहां चुनावी मंचों से सबसे ज्यादा सुनाई देने वाला वादा यमुना का पानी रहा है. लगातार गिरता भूजल, टैंकरों पर निर्भर आबादी और हर चुनाव में पानी की राजनीति होती रही. तीन दशक से ज्यादा समय तक यह परियोजना फाइलों और बैठकों में घूमती रही. अब राजस्थान और हरियाणा के बीच यमुना जल परियोजना के क्रियान्वयन के लिए एमओए पर हस्ताक्षर हो चुके हैं. यानी उम्मीद जगी है कि वर्षों पुराना सपना अब जमीन पर उतर सकता है, लेकिन सवाल सिर्फ पानी का नहीं है. 

IANS

IANS

सवाल यह भी है कि क्या यह समझौता शेखावाटी की सियासत हमेशा के लिए बदल देगा. ​​​​​​​इस MOA से क्या बदलेगा, इसे जानने के लिए पहले शेखावाटी की राजनीतिक बिसात को समझिए. 

  • सीकर में 8 विधानसभा सीटें.
  • झुंझुनूं में 7 विधानसभा सीटें.
  • चूरू में 6 विधानसभा सीटें
  • यानी कुल 21 विधानसभा सीटें
  • इन्हीं तीन जिलों से 3 लोकसभा सीटें भी आती हैं.
  • 2023 के चुनाव में शेखावाटी की 21 सीटों में कांग्रेस को 11 सीटें मिलीं.
  • बीजेपी को 8 सीटें मिलीं.
  • 2 सीटें अन्य के खाते में गईं.

2023 में कितना अलगा था शेखावाटी का जनादेश

2023 के विधानसभा चुनाव में शेखावाटी का जनादेश प्रदेश से अलग था. प्रदेश में बीजेपी सरकार बनी, लेकिन शेखावाटी में कांग्रेस बढ़त पर रही. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में तस्वीर कांग्रेस के पक्ष में रही. तीन लोकसभा सीटों में दो कांग्रेस और एक बीजेपी के खाते में गई. राजस्थान की सत्ता की लड़ाई में शेखावाटी हमेशा निर्णायक भूमिका निभाती रही है.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: IANS

यही वजह है कि बीजेपी इस एमओए को अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धियों में शामिल कर रही है. पार्टी का कहना है कि 32 साल से लंबित परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल से नई गति मिली है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ का आरोप है कि कांग्रेस सरकारों ने वर्षों तक इस परियोजना को फाइलों में उलझाए रखा. उनका कहना है कि अगर पहले गंभीर प्रयास हुए होते तो शेखावाटी को इतना लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता.

दूसरी ओर कांग्रेस इस समझौते का विरोध नहीं कर रही, लेकिन सरकार के दावों पर सवाल उठा रही है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यमुना जल परियोजना को लेकर कहा कि राजस्थान के लिए यमुना का पानी मिलना स्वागत योग्य है, लेकिन केवल समझौते, एमओयू या एमओए करने से काम पूरा नहीं माना जा सकता. उन्होंने कहा कि असली सफलता तब होगी, जब शेखावाटी के लोगों के घरों तक वास्तव में यमुना का पानी पहुंचे. गहलोत ने कहा कि जनता घोषणाओं और दस्तावेजों से ज्यादा धरातल पर होने वाले काम को देखती है. इसलिए सरकार को राजनीतिक प्रचार करने के बजाय परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर ध्यान देना चाहिए.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: IANS

यमुना जल को लेकर असली परीक्षा बाकी

राजस्थान की सियासत के जानकर मानते हैं कि एमओए अपने आप में चुनावी जीत की गारंटी नहीं है. अभी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट, तकनीकी मंजूरियां, बजट, निर्माण और पाइपलाइन बिछाने जैसे कई बड़े चरण बाकी हैं. यानी असली परीक्षा अब शुरू होगी. अगर सरकार तय समय में शेखावाटी तक यमुना का पानी पहुंचा देती है तो यह बीजेपी के लिए शेखावाटी का किला फ़तेह करने का सबसे बड़ा मुद्दा बन सकता है, लेकिन अगर परियोजना फिर देरी का शिकार हुई तो कांग्रेस इसे अधूरे वादे के रूप में जनता के बीच ले जाएगी. 

यानी कुल मिलाकर अब एमओए के बाद राजनीतिक लड़ाई श्रेय लेने की शुरू हो चुकी है, लेकिन जनता का फैसला किसी दस्तावेज पर नहीं, बल्कि इस बात पर होगा कि आखिर यमुना का पानी उनके घरों तक कब पहुंचता है. क्योंकि अगर पानी पहुंचा तो यह बीजेपी के लिए राजनीतिक संजीवनी बन सकता है, और अगर नहीं पहुंचा तो यही समझौता कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा चुनावी हथियार बन सकता है.

यह भी पढे़ं-

जून का महीना बीता, राजस्थान में कब होगी मानसून की एंट्री? जानिए बड़ा अपडेट

चूरू तक 3 बड़ी पाइपलाइन, सीकर-झुंझुनूं को फायदा, हरियाणा-राजस्थान को पीने का पानी, हथिनीकुंड बैराज से शेखावाटी आएगा यमुना का पानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Yamuna Water Agreement, Yamuna Water Agreement Rajasthan, Yamuna Water Agreement Rajasthan News, Yamuna Water Deal With Rajasthan And Haryana, Shekhawati Rajasthan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com