Jharkhand Weather: झारखंड में बीते 24 घंटे के दौरान आसमानी आफत ने जमकर कहर बरपाया है. अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में दो महिलाओं और एक 8 वर्षीय बच्ची है. मौसम विभाग ने आगमी दो दिन (01-02 जुलाई) झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा रांची, बोाकारो, धनबाद, खूंटी समेत मध्यझारखंड में बारिश का येलो अलर्ट है. राजधानी रांची में 04 दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और दिन में एक से दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का अनुमान है.
रांची-बोकारो में मौत
रांची के अंगारा पुलिस स्टेशन इलाके में एक 26 साल के किसान पर खेत जोतते समय बिजली गिर गई. मृतक की पहचान उसी गांव के रहने वाले भागीरथ महतो (26) के तौर पर हुई. बोकारो SDPO राजीव रंजन के अनुसार, टाउन पुलिस स्टेशन इलाके में बोकारो एयरपोर्ट के पास एक पेड़ के नीचे शरण लेने वाले 19 साल के युवक आलोक कुमार तुरी की मौत हो गई.
पलामू-हजारीबाग में भी गई जान
वहीं, पलामू में, मवेशी चराते समय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सदर पुलिस स्टेशन इलाके के कुंडेलवा गांव के रहने वाले राजू यादव (27) के तौर पर हुई. इसके अलावा हजारीबाग के इचाक पुलिस स्टेशन इलाके के खुतरा गांव में एक महिला शोभा देवी की मौत हो गई. शोभा घर के पास जामुन इकट्ठा कर रहे अपने चार बच्चों को वापस लाने के लिए बाहर निकली थी. इसी दौरान वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई.
लातेहार के गणेशपुर गांव में 45 साल की एक महिला तेजनी देवी की आसमानी आफत ने जान ले ली. देवघर जिले के जसीडीह पुलिस स्टेशन इलाके के कोयरीडीह गांव में घर के बाहर खेलते समय बिजली गिरने से 8 साल की एक बच्ची की मौत हो गई. वहीं, दुमका में रामगढ़ पुलिस स्टेशन इलाके के जाड़ी गाँव में 20 साल की एक महिला पर बिजली गिरी.
झारखंड में 1 हफ्ते कैसा रहेगा मौसम

आसमानी आफत के बीच मौसम विभाग ने एक हफ्ते का मौसम अलर्ट जारी किया है. झारखंड के उतर-पूर्वी भाग- देवघर, दमका, गोड्डा, जामतारा, पाकुर और साहेबगंज में बुधवार और गुरुवार को बारिश का अनुमान है. वहीं, मध्य भाग- बोकारो, धनवाद, लोहरदगा, गुमला, रामगढ़,रांची, खूंटी व दक्षिण हिस्से -सिमडेगा, पूर्वी सिंघभूम, पश्चिमी सिंघभूम में 01-02 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. रांची में अगर एक हफ्ते के मौसम की बात करें तो 01 जुलाई से 05 जुलाई तक बारिश का अनुमान है, जबकि 06 जुलाई को बादल गरजने की बारिश की अलर्ट जारी किया गया है.
यह भी पढे़ं-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं