विज्ञापन

गेट खोलो... SpiceJet की फ्लाइट में जब बेचैन होकर चीखने-चिल्लाने लगे यात्री, सांस लेने में होने लगी दिक्कत

लेशपाल नाम के एक यात्री ने बताया कि फ्लाइट में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर उम्र के लोग मौजूद थे. अंदर का तापमान इतना ज्यादा बढ़ गया कि लोग उसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे. सभी लोग पसीने से तर-बतर हो गए.

गेट खोलो... SpiceJet की फ्लाइट में जब बेचैन होकर चीखने-चिल्लाने लगे यात्री, सांस लेने में होने लगी दिक्कत
स्पाइसजेट के विमान में यात्रियों ने किया हंगामा
  • दिल्ली से पुणे जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में तकनीकी खराबी से विमान का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ गया
  • फ्लाइट में मौजूद सभी यात्री सांस लेने में दिक्कत महसूस कर हंगामा करने लगे और केबिन क्रू से मदद मांगने लगे
  • पायलट और केबिन क्रू ने यात्रियों की शिकायतों को नजरअंदाज करते हुए विमान उड़ाने की कोशिश में थे
नई दिल्ली:

दिल्ली से पुणे जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में कुछ ऐसा हुआ, जिससे यात्री बेचैन होकर चीखने-चिल्लाने लगे. वे केबिन क्रू से बाहर निकाले जाने की गुहार लगाने लगे. लेकिन पायलट और केबिन क्रू उनकी बात सुनने के लिए तैयार ही नहीं था. सबकुछ देखते हुए भी वे यात्रियों की तड़प को नजरअंदाज कर रहे थे. एक यात्री की मुस्तैदी से बड़ा हादसा टल गया. कुछ यात्रियों ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया. ये वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं. फ्लाइट में मौजूद एक यात्री ने उस भयावह मंजर को बयां किया. वहीं यात्रियों को हुई परेशानी के लिए स्पाइसजेट ने माफी मांगी है.

कैप्टन प्लेन उड़ाने की जल्दी में था

प्लेन में मौजूद लेशपाल जलाघे ने बताया कि बुजुर्गों समेत सभी यात्रियों को गहरी सांस लेने में दिक्कत हो रही थी.शिकायत का भी कोई फायदा नहीं हुआ.जिसके बाद उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने स्पाइसजेट के खिलाफ नारे लगाए. लेशपाल ने कहा है कि यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद भी कैप्टन प्लेन उड़ाने की जल्दी में था. आखिर में, जब पता चला कि प्लेन में वाकई कोई खराबी है तो यात्रियों को तुरंत बाहर निकाला गया और एक बड़ा हादसा टल गया.

फ्लाइट इतनी गर्म हो गई कि सांस लेने में हुई दिक्कत

लेशपाल के मुताबिक, 11 अगस्त 2026 को स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 105 दिल्ली से पुणे जाने जा रही थी. लेकिन ऐन मौके पर उसमें तकनीकी खराबी आ गई. विमान तेजी से गरम होने लगा. फ्लाइट में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक, हर उम्र के लोग मौजूद थे. अंदर का तापमान इतना ज्यादा बढ़ गया कि लोग उसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहे थे. सभी लोग पसीने से तर-बतर हो गए. उनको सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी. वे चीखने-चिल्लाने लगे. 

यात्रियों के हंगामे के बाद रनवे पर उतारी फ्लाइट

सभी यात्रियों ने जोरदार हंगामा किया और फ्लाइट को उड़ान भरने से रोक दिया, जबकि कैप्टन समेत अन्य स्टाफ यात्रियों पर चिल्लाकर उनको चुप कराने के लिए पुलिस बुलाने की धमकी दे रहा था. लेकिन यात्रियों ने इतना ज्यादा हंगामा किया कि हालात देखते हुए फ्लाइट को तुरंत रनवे पर लाया गया. इसके बाद पता चला कि असल में विमान में कोई खराबी थी.

खतरे में डाली यात्रियों की जान

लेशपाल ने एयरलाइंस पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्पाइसजेट इतनी खराब सर्विस देकर और यात्रियों की जान को खतरे में डालकर बहुत बड़ी गलती कर रहा है. इस घटना से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस मामले में नागरिक उड्डयन मंत्रालय को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए और स्पाइसजेट एयरलाइंस के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.

स्पाइसजेट ने मांगी माफी

इस घटना और यात्रियों को हुई परेशानी के लिए स्पाइसजेट ने उनसे माफी मांगी है. एयरलाइंस ने कहा कि 11 अगस्त 2026 को, दिल्ली से पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 105 में आखिरी समय में तकनीकी खराबी आ गई थी.यात्रियों के लिए दूसरा विमान उपलब्ध कराया गया और उसे पुणे के लिए रवाना किया गया.स्पाइसजेट को यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है. 

ये भी पढ़ें-फ्लाइट में बैठे दोनों पायलट्स को अलग-अलग खाना क्यों मिलता है? इस चीज का होता है खतरा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi To Pune Flight, SpiceJet Flight Aborted, Breathing Issues, Flight Take Off Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com