दिल्ली-एनसीआर से हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में घूमने जाने वालों के लिए अच्छी खबर है. अब पहाड़ों का सफर आसान होने वाला है. हिमाचल प्रदेश में एक नया हाई स्पीड कॉरिडोर बन रहा है, जो कई शहरों तक की पहुंच आसान कर देगा. हम बात कर रहे हैं 'कांगड़ा बाईपास' की. भंगवार से कांगड़ा तक बना यह नया चार-लेन नेशनल हाइवे (NH-303/503) न केवल पहाड़ों की कठिन राहों को आसान बना रहा है, बल्कि यह कांगड़ा शहर को सालों पुराने ट्रैफिक जाम के झंझट से भी हमेशा के लिए मुक्ति दिलाएगा. इस बाईपास और फोरलेन के पूरा होने से अब दिल्ली से धर्मशाला का सफर महज 6 घंटे में सिमट जाएगा.
क्या है इस प्रोजेक्ट का नया अपडेट?
यह प्रोजेक्ट अब अपने अंतिम चरण में है. NHAI के अनुसार, इसका करीब 97% काम पूरा हो गया है और यह कांगड़ा क्षेत्र के लिए विकास का नया अध्याय लिख रहा. स्थानीय यात्रियों और पर्यटकों का कहना है कि पहले ज्वालाजी माता या धर्मशाला जाने में बहुत अधिक समय लगता था, लेकिन इस हाईवे के निर्माण से अब यात्रा काफी जल्दी पूरी हो जाती है. यह प्रोजेक्ट दिल्ली और अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए एक तेज और सुरक्षित कॉरिडोर प्रदान करता है, जिससे पूरे कांगड़ा क्षेत्र की पहुंच बेहतर हुई है.
क्या है हाईवे की खासियत?
- यह 18 किलोमीटर लंबा हाइवे है, जो यात्रा के समय को काफी कम करेगा और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करेगा.
- पहाड़ी क्षेत्रों की चुनौतियों को देखते हुए यहां सात बड़े पुल, एक फ्लाईओवर और पलवाना के पास एक मेजर जंक्शन ब्रिज बनाया गया है.
- पलवाना के पास बना मेजर जंक्शन ब्रिज 69 मीटर ऊंचा है और यह इंजीनियरिंग का एक अद्भुत नमूना है.
- यात्रियों की सुरक्षा के लिए एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और सीसीटीवी निगरानी रहेगी.
- 11 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड से आसपास के गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ा गया है, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी.
- निर्माण के साथ-साथ प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए 25,000 पौधे लगाए गए हैं.
दिल्ली से धर्मशाला की दूरी होगी आधी
यह 18 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर पुराने NH-88 (अब NH-303/503) को NH-154 से जोड़ता है. इससे यात्रियों को संकरी सड़कों, तीखे मोड़ों और जाम से राहत मिलती है. वहीं पंजाब के कीरतपुर साहिब से मनाली/धर्मशाला कनेक्टिविटी सुधरने के बाद, दिल्ली से धर्मशाला की दूरी तय करने में अब आधा समय लगेगा. जो सफर पहले 10 से 11 घंटे लेता था, वह अब 6 घंटे का रह जाएगा.
पंजाब और दिल्ली से सीधा जुड़ाव
यह हाईवे मुख्य रूप से कीरतपुर साहिब (पंजाब), आनंदपुर साहिब, नंगल, ऊना, अंब, रानीताल, कांगड़ा, मटौर और मैक्लोडगंज को आपस में जोड़ता है. कांगड़ा के स्थानीय इलाकों के साथ-साथ दौलतपुर, रानीताल और रानीताल के निकट भंगवार जैसे क्षेत्रों से ट्रैफिक बाईपास के जरिए सीधे आगे बढ़ सकेगा, जिससे मुख्य शहर के भीतर प्रदूषण और जाम दोनों कम होंगे.
क्रिकेट मैच देखने वालों को भी मिलेगा फायदा
वीकेंड और आईपीएल मैचों के दौरान हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) स्टेडियम जाने वाले खेल प्रेमियों और पर्यटकों को निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे स्थानीय होटल और पर्यटन कारोबार को भारी बढ़ावा मिलेगा.
कांगड़ा-रानीताल हाइवे की खास तस्वीरें








NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं