दिल्ली के इस 'सुपर चोर' के निशाने पर सुनसान रास्तों पर जा रहे अकेले लोग और लावारिस गाड़ियां होती थीं, पुलिस को चकमा देने के लिए वह अपनी लोकेशन बदलाता रहता. उसके खिलाफ 21 मामले तो पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हैं, इसके अलावा न जाने वह कितने चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है, ये राज अब सामने आएगा. दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने दिल्लीभर में लूटपाट, झपटमारी और चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. ये चोर काफी समय से पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था. आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ दूसरे अन्य 21 मामले दर्ज हैं. अदालत ने आरोपी सलीम चौधरी ऊर्फ जग्गी को दो अलग-अलग मामलों में भगोड़ा घोषित किया हुआ था, लेकिन अब ये चोर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है.
सलीम के निशाने पर होते थे अकेले लोग और लावारिस गाड़ियां
सलीम उर्फ जग्गी अपने साथियों के साथ मिलकर सुनसान रास्तों पर अकेले जा रहे लोगों और लावारिस खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाता था. द्वारका साउथ तो कभी बिंदापुर थाना, लूटपाट के मामलों में सजा से बचने के लिए यह लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, जिसके चलते इसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी थे. आरोपी के खिलाफ पहले से लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार रखने) के 21 मामले दर्ज हैं.
डाबरी थाने का एक्टिव बैड कैरेक्टर
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम सलीम चौधरी उर्फ जग्ग है. वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल दिल्ली के बिंदापुर (महावीर एनक्लेव पार्ट-III) में अपने परिवार के साथ रह रहा था. वह डाबरी थाने का एक एक्टिव बैड कैरेक्टर भी है. दिल्ली पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि वह शराब और नशीले पदार्थों का आदी है. इसी शौक और नशे के खर्च को पूरा करने के लिए उसने अपराध का रास्ता चुना. गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दिल्ली में लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था और परिवार से भी बहुत कम संपर्क रखता था.
ऐसे पुलिस के शिकंजे में आया 'सुपर चोर' सलीम
जग्गी को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच ने एक स्पेशल टीम बनाई. डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा ने जानकारी दी कि 6 जून को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी महावीर एनक्लेव के पास किसी से मिलने आने वाला है. पुलिस ने 'महावीर एनक्लेव पार्ट-II' स्थित शगुन वाटिका के पास जाल बिछाया. जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की. लेकिन पुलिस टीम ने थोड़ी दूर पीछा करने के बाद उसे दबोच लिया.
नशे की लत ने बिगाड़ा
दिल्ली पुलिस की पूछताछ के दौरान सलीम ने बताया कि वह सिर्फ तीसरी क्लास तक पढ़ा है. घर की खराब आर्थिक स्थिति और सोनू खान व कलाम जैसे शातिर अपराधियों की संगत में आकर उसे नशे की लत लग गई. नशे के पैसे जुटाने के लिए वह चोरी और लूटपाट करने लगा. उसका एक साथी कलाम इस वक्त जेल में है, जबकि सोनू खान अभी फरार है.
ये भी पढ़ें :- दिल्ली पुलिस ने दबोचा फर्जी कॉल सेंटर का मास्टरमाइंड, फ्रेंचाइजी के नाम पर करता था साइबर ठगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं