नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन की एक संकरी गली में लड़कों के हॉस्टल के रूप में इस्तेमाल हो रही बिल्डिंग 50 साल पुरानी थी. पांच मंजिल की ये बिल्डिंग जर्जर हो चुकी थी. लगातार हो रही बारिश में इसकी हालत और बुरी हो चुकी थी, ईंट दिखने लगे थे और गिरने की कगार पर थे, लेकिन रुपयों के लालच में बिल्डिंग मालिक हरिराम बंसल ने इसका रेनोवेशन शुरू करवाया. दिल्ली यूनिवर्सिटी के पास होने के कारण अगस्त में कई छात्र यहां किराए पर रहने के लिए आए. छात्रों को हॉस्टल किराए पर दे दिया गया, लेकिन रेनोवेशन का काम अभी भी जारी था. बेसमेंट में काम चल रहा था, तभी अचानक बिल्डिंग भरभराकर गिर गई. लापरवाही और लालच ने छह जिंदगियां लील लीं. रेस्क्यू किए गए 11 लोगों में दो मजदूर भी शामिल थे, जिसमे से एक मजदूर की मौत हो गई.
बिल्डिंग का नाम 'हॉस्टल डेज' था. इसमें लगभग 30 कमरे थे. हर कमरे में दो से तीन छात्रों के रहने की व्यवस्था की प्लानिंग थी. कई सवाल इसलिए उठ रहे हैं, क्योंकि यह एक रिहायशी बिल्डिंग थी, न कि कमर्शियल इस्तेमाल के लिए. स्थानीय लोगों ने बताया कि गिरी हुई इमारत के बेसमेंट में पानी भर गया था, लेकिन मजदूर काम करते रहे. एक स्थानीय निवासी ने बताया, "बारिश के दौरान भी मजदूर बेसमेंट में काम कर रहे थे. यहां इमारतों के बेसमेंट में पानी भरना आम बात है और वे वहां फंस भी सकते थे."

Photo Credit: PTI
घरों को PG में किया कंवर्ट, मालिक कर रहे मोटी कमाई
पिछले 20-22 सालों से इस इलाके में रह रही प्रियंका ने बताया कि PG मालिक अपने घरों को हॉस्टल में बदल देते हैं और खुद कहीं और रहते हैं. प्रियंका ने बताया कि यहां पांच या छह मंजिल तक की इमारतें बन रही हैं. कई घरों को लड़कों के PG में बदल दिया गया है और मालिक कहीं और चले गए हैं. वे बस प्रॉपर्टी को PG का नाम देते हैं, ऑनलाइन किराया लेते हैं और कभी वापस आकर देखे बिना ही उस इलाके से चले जाते हैं," एक और स्थानीय निवासी ने बताया कि हरिराम बंसल 20 साल पहले गुरुग्राम चले गए थे. बंसल उस प्रॉपर्टी पर आते-जाते रहते थे. उन्होंने बताया कि "बेसमेंट में कुछ काम चल रहा था और एक दीवार हटाई जा रही थी.

छह लोगों की मौत, तीन की हालत गंभीर
दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए हादसे में छह लोगों की जान चली गई है. पांच लोग घायल हैं, जिनमें तीन लोगों की हालत गंभीर है. तीनों का एम्स में इलाज चल रहा है. दिल्ली पुलिस ने हॉस्टल मालिक आनंद बंसल के भाई हरिराम बंसल के खिलाफ साउथ कैंपस थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया है. बिल्डिंग हादसे में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज हुई है. केस में हरिराम और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली के सत्य निकेतन में पूरी रात चला रेस्क्यू, 6 की मौत, सर्च ऑपरेशन में स्निफर डॉग्स को भी लगाया गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं