विज्ञापन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अरेस्ट करने पहुंची दिल्ली पुलिस को हिमाचल पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार?

एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस की एक टीम हिमाचल पहुंची थी. लेकिन यहां उनका आमना-सामना हिमाचल पुलिस से हो गया.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अरेस्ट करने पहुंची दिल्ली पुलिस को हिमाचल पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार?
  • दिल्ली के भारत मंडपम में शर्टलेस प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है
  • दिल्ली पुलिस की 20 जवानों की टीम हिमाचल पहुंची थी लेकिन उन्हें हिरासत में लिए जाने का अंदेशा है
  • सोलन पुलिस ने धर्मपुर में दिल्ली पुलिस की टीम को रोककर तीन कांग्रेस नेताओं को छुड़ाया और शिमला ले गई

दिल्ली के भारत मंडपम में हुई एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन करने पर देशर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है. इसी सिलसिले में दिल्ली पुलिस के 20 जवानों की टीम यूथ कांग्रेस के 3 नेताओं को गिरफ्तार करने हिमाचल पहुंची थी लेकिन अंदेशा है कि पुलिस की टीम को ही हिरासत में ले लिया गया है. हिमाचल गए दिल्ली पुलिस के जवान फोन नहीं उठा रहे हैं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिए जाने की आशंका बढ़ गई है.

दरअसल, दिल्ली पुलिस के 20 जवानों की एक टीम शिमला के रोहरू से यूथ कांग्रेस के तीन नेताओं को गिरफ्तार कर ला रही थी. रास्ते में सोलन के धर्मपुर में हिमाचल पुलिस ने नाका लगाकर उन्हें छुड़ा लिया. सुबह 10 बजे दिल्ली पुलिस की टीम जैसे ही धर्मपुर पहुंची, सोलन पुलिस ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम और तीनों कांग्रेसी नेताओं को शिमला ले जाया गया.

बताया जा रहा है कि ऊपर से मिले आदेशों के बाद सोलन पुलिस ने ये कार्रवाई की. हालांकि, अधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. उनका कहना है कि यह रूटीन प्रोसेस है. 

इसके बाद सोलन पुलिस, दिल्ली पुलिस और कांग्रेस के तीनों नेताओं को लेकर शिमला की जिला कोर्ट पहुंची. देर शाम कोर्ट से टीम निकल भी गई. लेकिन अब दिल्ली पुलिस के जवान फोन नहीं उठा रहे हैं. दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि एआई समिट में हंगामा करने वाले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सरकार वाले राज्य हिमाचल में छिपाया गया था. इससे पूरे मामले में बड़ी साजिश की बात साबित होती. सूत्रों का कहना है कि स्पेशल सेल की टीम अभी हिमाचल में ही है. बताया जा रहा है कि स्पेशल सेल की टीम के अधिकारियों को शोघी पुलिस चौकी में रखा गया है.

बताया जा रहा है कि एक बार फिर दिल्ली पुलिस की टीम हिमाचल पुलिस के साथ कोर्ट जा रही है. हिमाचल पुलिस ने पकड़े गए तीनों आरोपियों को फिर से कोर्ट में पेश करने के लिए कहा है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Shirtless Protest, AI Summit Protest, Himachal Police, Delhi Police Detain
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com