विज्ञापन

दिल्ली में महिला से छेड़छाड़ करने वाला निकला अपनी ही पत्नी की हत्या का आरोपी, जेल से छूटकर चला रहा था बाइक टैक्सी

दिल्ली में बाइक राइडर ने महिला सवारी के साथ छेड़छाड़ की, जिसके बाद पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अपनी ही पत्नी की दहेज हत्या का मुख्य आरोपी रह चुका है.

दिल्ली में महिला से छेड़छाड़ करने वाला निकला अपनी ही पत्नी की हत्या का आरोपी, जेल से छूटकर चला रहा था बाइक टैक्सी
  • दिल्ली के रोहिणी जिले में एक ऐप आधारित बाइक राइडर ने महिला सवारी के साथ छेड़छाड़ की और उसे धमकाया
  • आरोपी पर 2011 में अपनी पत्नी की दहेज हत्या का गंभीर मामला दर्ज था और वह जेल से बाहर आया था
  • सचिन पिछले एक साल से एक नामी कंपनी के ऐप पर बाइक राइडर के रूप में काम कर रहा था जब वारदात हुई

राजधानी दिल्ली के रोहिणी जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ऐप आधारित बाइक राइडर ने महिला सवारी के साथ छेड़छाड़ की. जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे डराया धमकाया. पुलिस जांच में जो सबसे चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, वह यह कि गिरफ्तार किया गया राइडर कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि साल 2011 के एक दहेज हत्या मामले का मुख्य आरोपी रह चुका है.

दहेज हत्या का पुराना इतिहास

के.एन. काटजू मार्ग थाना पुलिस ने जब आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला, तो पुलिस के भी होश उड़ गए. पूछताछ में पता चला कि सचिन पर साल 2011 में समयपुर बादली थाने में अपनी पत्नी की दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर मामला दर्ज हुआ था. जेल से बाहर आने के बाद, वह पिछले एक साल से एक नामी कंपनी के ऐप पर बाइक राइडर के तौर पर काम कर रहा था और इसी दौरान उसने इस नई वारदात को अंजाम दिया.

क्या हुआ था?

पीड़िता ने बीते 12 मार्च 2026 को पीतमपुरा जाने के लिए सचिन की बाइक बुक की थी. सफर के दौरान आरोपी ने महिला से बदसलूकी की. जब बाइक सेक्टर-13 डिवाइडिंग रोड के पास पहुंची, तो आरोपी ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया. जब महिला ने हिम्मत दिखाकर विरोध किया, तो आरोपी ने उसे डराया-धमकाया कि वह शोर न मचाए. बाद में उसने महिला को पीतमपुरा के एफयू ब्लॉक के पास उतार दिया.

पुलिस ने लिया एक्शन

महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज की. भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 79 और 351(3) के तहत कार्रवाई करते हुए बादली गांव के रहने वाले सचिन को धर दबोचा गया. वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है.

यह भी पढ़ें: तेल, गैस, जंग में फंसे लोग... मिडिल ईस्ट में टेंशन के बीच भारत के लिए आई ये 7 बड़ी गुड न्यूज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Delhi Crime, Bike Taxi, Delhi Bike Taxi, Delhi Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com