- दिल्ली में मार्च माह में पिछले तीन साल में सबसे अधिक औसतन 9.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है
- मौसम विभाग ने दिल्ली में आज भी बारिश, गरज और तेज हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है
- दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अलग-अलग मात्रा में बारिश हुई जैसे रिज क्षेत्र में 8.6 और पालम में 6.2 मिलीमीटर
राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं से दिन का तापमान तेजी से गिर गया और पिछले तीन साल में इस बार मार्च में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिसमें औसतन 9.4 मिमी बारिश हुई. मौसम विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम तापमान है. मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली में बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुककर होने वाली बारिश ने दिल्लीवासियों को राहत दी, जो कई दिनों से गर्मी से जूझ रहे थे.
दिल्ली में कल खूब बरसे बादल
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र ने 19 मार्च तक औसतन 9.4 मिमी बारिश दर्ज की, जबकि सामान्य मासिक औसत 12.6 मिमी है. इससे पहले 2023 में मार्च के महीने में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई थी, जब कुल बारिश 50.4 मिमी दर्ज की गई थी. सफदरजंग और लोधी रोड में 8.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि रिज क्षेत्र में 8.6 मिमी और पालम में 6.2 मिमी बारिश हुई. आयानगर में 7.2 मिमी और पीतमपुरा में 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा मयूर विहार में तीन मिमी, जबकि जनकपुरी में 12.5 मिमी बारिश हुई. बुधवार को भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी.
आज भी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज के लिए भी इसी तरह के हालात का पूर्वानुमान जताया है, जिसमें दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. आईएमडी ने इससे पहले दिल्ली, नोएडा, दादरी और ग्रेटर नोएडा में मध्यम वर्षा और बिजली गिरने, 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ ओलावृष्टि का अनुमान जताया था.

Weather Forecast
यह भी पढ़ें:गुलमर्ग में फिर बर्फबारी, सीजन के आखिर में पर्यटन को मिला सहारा
क्यों बदला मौसम?
मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने से कहा, ‘पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के ऊपर स्थित है, जिसके कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी वर्षा हो रही है. वहीं, हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में भी बारिश हो रही है.' उन्होंने कहा कि पहले के पूर्वानुमानों में अधिक बारिश का अनुमान जताया गया था, लेकिन अब यह प्रणाली देश के पूर्वी हिस्सों की ओर बढ़ रही है.
यह भी पढ़ें: पहाड़ों पर बर्फबारी, दिल्ली में फिर बारिश; 9 डिग्री तक गिरा पारा, कल सबसे खराब रहेगा मौसम!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं