- दिल्ली एनसीआर में मौसम विभाग ने गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं के लिए येलो अलर्ट जारी किया है
- पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं की दिशा में बदलाव के कारण मार्च में दिल्ली एनसीआर में मौसम ने यूटर्न लिया है
- अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर भारत में काले बादल, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है
दिल्ली एनसीआर में आज भी गरज के साथ बारिश होने का भविष्यवाणी मौसम विभाग ने की है. दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में धीमी बारिश शुरू हो गई है. बारिश से मौसम ने 180 डिग्री का यूटर्न ले लिया है. लोगों को फरवरी की ठंड का अहसास मार्च के महीने में होने लगा है. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 2-3 दिन उत्तर भारत में कुछ ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है. आसमान में काले बादल छाए रहेंगे, तेज हवाएं चल सकती है और इस दौरान हल्की बारिश होती रहेगी. यूपी से लेकर बिहार तक मौसम का यूटर्न देखने को मिला है. जम्मू-कश्मीर में 20 मार्च तक कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान जताया है. चिनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी का अनुमान है.
IMD का येलो अलर्ट, गरज के साथ बारिश के लिए रहें तैयार
दिल्ली एनसीआर के लोगों के लिए ये वीकेंड काफी सुहावना रहने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. नवरात्रि आज से शुरू हो गए हैं, वहीं 21 मार्च को ईद मनाई जाएगी. ऐसे में मौसम का ये यूटर्न लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और बारिश, तेज हवाएं तथा गरज-चमक की संभावना जताई है. मौसम रिपोर्ट और पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार भी दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी रहेगा. 19 और 20 मार्च को बादल छाए रहेंगे और बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. वहीं 21 मार्च को भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 22 और 23 मार्च को फिर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मुख्य रूप से साफ आसमान के आसार हैं.

मार्च में मौसम ने क्यों लिया यूटर्न
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं की दिशा में परिवर्तन के कारण हुआ है. तेज हवाओं की गति 30 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे धूल भरी आंधी की स्थिति बनती है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि राजस्थान और पाकिस्तान की ओर से आने वाली शुष्क हवाएं भी धूल को अपने साथ लेकर आती हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धुंध जैसी स्थिति बन जाती है. मौसम विज्ञानियों ने इस गतिविधि का कारण पश्चिमी विक्षोभ बताया, जिसने दक्षिण हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण को प्रेरित किया. मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने को बताया, 'बृहस्पतिवार से मध्य पाकिस्तान और पंजाब और हरियाणा के आसपास के हिस्सों में इस प्रणाली के तीव्र होने की संभावना है, जिससे अगले दो दिनों में और अधिक बारिश होगी.' उन्होंने कहा कि गरज के साथ बारिश का अनुमान है. उन्होंने कहा, 'वर्तमान मॉडल बताते हैं कि 20 मार्च को मौसम की स्थिति अधिक बदलने का अनुमान है.'

जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी
उत्तरी राज्यों में बुधवार को भारी बारिश और तेज हवाएं चलीं जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ स्थानों पर बर्फबारी हुई. वहीं, शाम के समय दिल्ली में धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के साथ गरज चमक के साथ बारिश हुई जिससे दिल्ली के कई हिस्से प्रभावित हुए. इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में जम्मू और हिमाचल प्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों के लिए में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को बर्फबारी हुई, जबकि घाटी के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई. मौसम विभाग ने कश्मीर में 20 मार्च तक कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान जताया है. चिनाब घाटी और दक्षिण कश्मीर के कुछ ऊंचे इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी का अनुमान है. इसने 20 मार्च तक कुछ स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गरज के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान भी जताया है, साथ ही छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी है.
ये भी पढ़ें :- आंधी-तूफान और बारिश से मौसम हुआ कूल-कूल, दिल्ली-NCR में मौसम ने मार्च में लिया यू-टर्न

हिमाचल में IMD का ऑरेंज अलर्ट, 24 मार्च तक बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में लाहौल और स्पीति जिले के कुछ स्थानों पर बर्फबारी हुई, जबकि राज्य के कुछ अन्य जिलों में बारिश दर्ज की गई. यहां लाहौल और स्पीति के गोंडला में चार सेंटीमीटर, कुकुमसेरी (3.6 सेमी), केलांग (3 सेमी) और हंस में 2.5 सेमी बर्फबारी हुई. मनाली, धर्मशाला, कांगड़ा, शिमला और जुब्बरहट्टी में भी वर्षा हुई. शिमला स्थित मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए राज्य में भारी बर्फबारी और गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. इसके अनुसार, बारिश और बर्फबारी का यह दौर 24 मार्च तक जारी रह सकता है. विभाग ने बताया कि लाहौल और स्पीति में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भारी हिमपात जारी रहने की संभावना है. इसके अलावा चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश या हिमपात, बिजली कड़कने के साथ आंधी, ओलावृष्टि तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या हिमपात होने की प्रबल संभावना है.
ये भी पढ़ें :- दिल्ली में दो दिन बारिश का येलो अलर्ट, UP-बिहार के साथ इन राज्यों में भी मौसम मारेगा पलटी, IMD अपडेट
राजस्थान में भी मौसम का यूटर्न
राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में 7.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि पिलानी में 1.1 मिलीमीटर और सीकर शहर में एक मिलीमीटर बारिश हुई. जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और छिटपुट ओलावृष्टि की संभावना जताई है. मौसम केंद्र ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18-20 मार्च को कुछ स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने व बारिश होने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के हिसार में 1.9 मिमी, नारनौल में 4 मिमी, भिवानी में 0.5 मिमी और चरखी दादरी में दो मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं