विज्ञापन

Rain Alert: पहाड़ों पर बर्फबारी, दिल्ली में फिर बारिश; 9 डिग्री तक गिरा पारा, कल सबसे खराब रहेगा मौसम!

मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत की माने तो, ‘‘मौजूदा स्थिति बताती हैं कि 20 मार्च को मौसम की स्थिति के अधिक गंभीर होने की संभावना है.’’ दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महीने के अधिकतर समय तापमान 30 डिग्री से अधिक बना रहा.

Rain Alert: पहाड़ों पर बर्फबारी, दिल्ली में फिर बारिश; 9 डिग्री तक गिरा पारा, कल सबसे खराब रहेगा मौसम!
दिल्ली में बारिश के बीच छाता लेकर गुजरती लड़कियां.
  • दिल्ली में मार्च की शुरुआत में रिकॉर्ड गर्मी के बाद बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी से मौसम में ठंडक आ गई है.
  • बुधवार शाम के बाद दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई और शुक्रवार को भी बारिश का अनुमान है.
  • गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो मार्च की शुरुआत से नौ डिग्री कम है.
नई दिल्ली:

Delhi Weather Update: राजधानी दिल्ली में मार्च के शुरुआती दिनों में भीषण गर्मी ने अपनी धमक दिखाई थी. 7 मार्च को दिल्ली में गर्मी ने 50 साल का रिकॉर्ड तोड़ा था. लेकिन बीते कुछ दिनों में मौसम ने ऐसा यू-टर्न लिया कि ठंड की वापसी हो गई है. बुधवार शाम के बाद आज फिर दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश हुई. पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर अब भी जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके अनुसार शुक्रवार को भी दिल्ली में बारिश हो सकती है. पूर्वानुमान की माने तो शुक्रवार को बुधवार और गुरुवार से ज्यादा खराब मौसम रहेगा. 

दिल्ली में 27 डिग्री सेल्सियस पहुंचा अधिकतम तापमान

दरअसल दिल्ली के उत्तर में पहाड़ों में हुई ताजा बर्फबारी और बारिश ने राष्ट्रीय राजधानी में भी मौसम के मिजाज को बदल दिया है. इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में रिकॉर्ड तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. लेकिन बारिश के बाद गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो मार्च की शुरुआत से 9 डिग्री कम है.

Latest and Breaking News on NDTV

दिल्ली में 12.5 मिलीमीटर तक हुई बारिश

मौसम विज्ञान विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार दिल्ली में हल्की बारिश और बूंदाबांदी के बीच मौसम सुहावना रहा. दिल्ली के कुछ हिस्सों में 12.5 मिलीमीटर तक बारिश हुई, जिससे न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया. मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने बताया, ‘‘गुरुवार से मध्य पाकिस्तान समेत पंजाब और हरियाणा के आसपास के हिस्सों में इसके और तीव्र होने की संभावना है, जिससे अगले दो दिनों में और अधिक बारिश होगी.''

मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत की माने तो, ‘‘मौजूदा स्थिति बताती हैं कि 20 मार्च को मौसम की स्थिति के अधिक गंभीर होने की संभावना है.'' दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि महीने के अधिकतर समय तापमान 30 डिग्री से अधिक बना रहा.

Latest and Breaking News on NDTV

केदारनाथ में लगातार हो रही बर्फबारी

उत्तराखंड में एक बार फिर से मौसम ने करवट ली है. उत्तराखंड के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है. यह मार्च का महीना चल रहा है और दूसरी बार है कि उत्तराखंड की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी खासी बर्फ गिरी है. बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह बर्फबारी हुई, जिससे एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट आई. मौसम विभाग ने पहले ही राज्य में बदलाव की संभावना जताई थी.

शिमला में ठंड बढ़ते बढ़ी पर्यटकों की भीड़

दूसरी ओर शिमला में बारिश से अचानक बढ़ी ठंड से हैरत में पड़े पर्यटकों की भीड़ दिखाई दे रही थी. शॉल और गर्म कपड़े पहने लोग मॉल रोड पर घूम रहे थे, जबकि हल्की-हल्की बारिश हो रही थी. एक पर्यटक ने ‘पीटीआई- वीडियो' से कहा, ‘‘जब हमने इंटरनेट पर देखा, तो पता चला कि बारिश हो सकती है. और बारिश हुई भी. पूर्वानुमान सच साबित हुआ. हमने उसी के अनुसार तैयारी कर रखी थी और गर्म कपड़े रख लिए थे. इसलिए सब ठीक है, हम मौसम का आनंद ले रहे हैं.''

गुलमर्ग में 5-6 इंच बर्फ हुई जमा

एक अन्य महिला पर्यटक ने कहा, ‘‘हम मौसम का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं. हमें इतनी बारिश की उम्मीद नहीं थी, इसीलिए मैंने गर्मियों में पहनने वाले कपड़े पहने हैं.'' जम्मू कश्मीर में गुलमर्ग और सोनमर्ग के पर्यटक स्थलों पर ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई. अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग रिसॉर्ट में पिछले दिन से लगभग पांच . छह इंच बर्फ जमा हो गई थी.

मनाली सहित अन्य पहाड़ी हिल स्टेशनों पर बढ़ी सैलानियों की भीड़

केंद्र शासित प्रदेश के अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी हुई, जिनमें शोपियां जिले में मुगल रोड के किनारे पीर की गली के साथ ही बांदीपोरा में गुरेज, राजदान टॉप और कुपवाड़ा में साधना टॉप शामिल हैं. घाटी के अधिकतर ऊपरी क्षेत्रों में रविवार से ही रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है. 

हिमाचल प्रदेश के मनाली और उसके आसपास के इलाकों में बर्फबारी के कारण पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई. मनाली के पर्यटन और संबद्ध उद्योगों से जुड़े लोगों ने होटल में ठहरने वालों की संख्या में वृद्धि का स्वागत किया.

यह भी पढ़ें - दिल्ली-NCR में बारिश के बाद छाये बादल, तेज हवा के बीच गर्मी में भी ठंड का एहसास

यह भी पढ़ें - आंधी-तूफान और बारिश से मौसम हुआ कूल-कूल, दिल्ली-NCR में मौसम ने मार्च में लिया यू-टर्न

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Weather, Delhi Weather Update, Rain Alert, Rain Alert Delhi, Snowfall In Mountains
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com