विज्ञापन

दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में आसमान से क्यों बरस रहे अंगारे? पाकिस्तान का क्या है कनेक्शन

दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत भारत के कई राज्य गर्मी से झुलस रहे हैं. बढ़ते तापमान से फिलहाल कोई राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं है.

दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में आसमान से क्यों बरस रहे अंगारे? पाकिस्तान का क्या है कनेक्शन
सांकेतिक तस्वीर.
PTI
  • भारत के कई हिस्सों में तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और गर्मी का प्रकोप जारी है
  • मौसम विभाग ने 24 मई तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू चलने की संभावना जताई है
  • प्री-मॉनसून बारिश का अभाव और कमजोर मौसम सिस्टम के कारण गर्मी में वृद्धि हुई है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

भारत में इस वक्त ऐसी गर्मी पड़ रही है कि मानो आसमान आग बरसा रहा हो. कई शहरों में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है. दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में हालात सबसे खराब हैं. यहां गर्मी लगातार बढ़ रही है. मौसम विभाग का कहना है कि इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बने रहने की आशंका है.

मौसम विभाग ने बताया कि 24 मई तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. वहीं, छत्तीसगढ़ में 21 मई तक पारा 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है.

फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक, 24 मई तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी.

यह भी पढ़ेंः पहाड़ों में गर्मी से हाहाकार, घाटी में 38 तो जम्मू में पारा पहुंचा 40 डिग्री, जानें कब मिलेगी राहत

Latest and Breaking News on NDTV

मौसम विभाग का अलर्ट क्या है?

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 18 से 24 मई के दौरान लू चलने की संभावना है. जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, मध्य महाराष्ट्र में 18 से 24 मई के दौरान, मध्य प्रदेश में 18 से 23 मई के दौरान, विदर्भ में 18 से 23 मई के दौरान, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यमन में 20 से 24 मई के दौरान, बिहार में 18 और 19 मई के दौरान, मराठवाड़ा में 18 और 19 मई के दौरान और तेलंगाना में 19 से 21 मई के दौरान लू चलने की संभावना है.

19 से 24 मई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में लू से लेकर भीषण लू तक की स्थिति बनी रहेगी. वहीं 19 और 20 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में और 21 और 24 मई के कुछ अलग-अलग इलाकों में लू से लेकर भीषण लू तक की स्थिति बनी रहेगी.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में 18 और 19 मई को, पश्चिमी राजस्थान में 18 से 21 मई तक और पूर्वी राजस्थान में 18 से 20 मई तक कुछ अलग-अलग इलाकों में रातें गर्म रहने की संभावना है.

ओडिशा में 18 से 22 मई के दौरान और तटीय आंध्र प्रदेश और यमन में 19 मई को कुछ इलाकों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ेंः 48 डिग्री के पार पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानिए हीट वेव से बचने के तरीके

लेकिन इतनी गर्मी पड़ क्यों रही है?

इस समय भारत में जबरदस्त गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, 18 मई को उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में 40 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान दर्ज किया गया. उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

18 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया. हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तापमान ज्यादा रहा. 

सवाल है कि गर्मी इतनी क्यों पड़ रही है? तो इसकी वजह यह है कि बारिश बिल्कुल नहीं हो रही है. अब तक प्री-मॉनसून एक्टिविटी शुरू हो जानी चाहिए थी लेकिन ऐसा हो नहीं रहा है. निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर से जुड़े मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने X पर लिखा कि प्री-मॉनसून एक्टिविटी कम से कम एक हफ्ते तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में नहीं होगी. 

Latest and Breaking News on NDTV

स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट बताती है कि पिछले दिनों देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश कराने वाला मौसम सिस्टम अब कमजोर पड़ गए हैं. बंगाल की खाड़ी में जो सिस्टम बना था, वह म्यांमार और अराकान तट की ओर चला गया है. अरब सागर के पश्चिम-मध्य हिस्से और सोमालिया तट के पास नया मौसम सिस्टम बनने की संभावना है लेकिन इससे भारत पर कोई असर नहीं होगा. उल्टा इसका असर यह होगी कि पश्चिमी तट की ओर आने वाली नमी कम हो जाएगी, जिससे प्री-मॉनसून बारिश और आंधी-तूफान नहीं चलेगा.

इसके अलावा, पाकिस्तान और थार के रेगिस्तान भी गर्मी बढ़ा रहे हैं. महेश पलावत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पाकिस्तान और थार रेगिस्तान से बहने वाली सूखी और गर्म हवाएं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में तापमान को और बढ़ा देंगी.

कुल मिलाकर अगले कुछ दिन तक तो गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मॉनसून आगे बढ़ रहा है लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि इस साल अल-नीनो की स्थिति बन सकती है. लिहाजा इस साल बारिश भी कम होगी.

यह भी पढ़ेंः 45 डिग्री का टॉचर्र, साथ में लू के थपेड़े... भीषण गर्मी के लिए तैयार रहें दिल्‍लीवाले, IMD ने जारी किया अलर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com