विज्ञापन

डीयू में पार्कों में एंट्री बैन से भड़कीं छात्राएं, सिस्टम की 'तालाबंदी सोच' के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन

दिल्ली के एक पार्क में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए गैंग रेप की घटना के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राएं आक्रोशित हैं. इस घटना के बाद प्रशासन ने कुछ पाबंदियां लगाई हैं, इन पाबंदियों के खिलाफ डीयू की छात्राओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया.

डीयू में पार्कों में एंट्री बैन से भड़कीं छात्राएं, सिस्टम की 'तालाबंदी सोच' के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन
नई दिल्ली:

दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और सुरक्षा के नाम पर थोपे जा रहे तुगलकी फरमानों के खिलाफ छात्राओं का गुस्सा फूट पड़ा है. रात 10 बजे के बाद पार्कों में एंट्री पर लगी पाबंदी और कैंपस में लगातार घटती आपराधिक घटनाओं ने छात्राओं को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया. सोमवार शाम हाथों में जलती मशालें, तख्तियां और बुलंद नारों के साथ सैकड़ों छात्राओं ने दिल्ली पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया.

प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का क्या कहना है

दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों की सैकड़ों छात्राओं और महिला अधिकार संगठनों ने कैंपस में महिलाओं की सुरक्षा की मांग और रात 10 बजे के बाद पार्कों में प्रवेश पर लगाई गई पाबंदी के खिलाफ विशाल विरोध मार्च निकाला. सोमवार देर शाम कैंपस की सड़कों पर छात्राओं का अचानक विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ. हाल ही में हुई छेड़छाड़ की घटनाओं के बाद सुरक्षा बढ़ाने के बजाय प्रशासन द्वारा महिलाओं पर ही नई पाबंदियां लगाई जा रही हैं. इनमें हॉस्टल में आने-जाने की टाइमिंग, पार्क बैन, ऑनलाइन क्लास जैसे कदम शामिल हैं. इसके विरोध में छात्राएं हाथों में 'हक चाहिए,पाबंदी नहीं' जैसे पोस्टर्स लेकर एकजुट हुईं.इन छात्राओं ने पूरे कैंपस में पैदल मार्च निकालकर नारेबाजी की.

यह प्रदर्शन केवल एक पाबंदी का विरोध नहीं है, बल्कि सिस्टम की उस मानसिकता पर करारा प्रहार है, जो सुरक्षा देने के बजाय पीड़िता पर ही बंदिशें आयद कर देती है. छात्राओं का कहना है कि जब भी कैंपस में कोई वारदात होती है, पुलिस और प्रशासन हॉस्टल के दरवाजे बंद कर देता है या क्लास ऑनलाइन करने का फरमान सुना देता है. छात्राओं का कहना था कि  सुरक्षित माहौल देने में नाकाम सिस्टम आखिर महिलाओं की आजादी छीनकर खुद को जवाबदेही से कैसे बचा सकता है?

छात्राओं ने क्या चेतावनी दी है

छात्राओं ने चेतावनी दी है कि यदि कैंपस में पुलिस पेट्रोलिंग नहीं बढ़ाई गई, सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त नहीं किए गए और पार्कों पर लगी पाबंदी तुरंत वापस नहीं ली गई, तो यह आंदोलन दिल्ली पुलिस मुख्यालय का घेराव करेगा. फिलहाल कैंपस में तनाव का माहौल है और प्रशासन पर जवाब देने का भारी दबाव बन चुका है.

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग के साथ हुए गैंगरेप की घटना के बाद से देश की राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. इस घटना के बाद से सरकार दिल्ली के पार्कों का सुरक्षा ऑडिट करा रही है. 

ये भी पढ़ें: डीयू में पार्कों में एंट्री बैन से भड़कीं छात्राएं, सिस्टम की 'तालाबंदी सोच' के खिलाफ सड़कों पर प्रदर्शन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Univeristy, Rape In Delhi, Delhi Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com