- दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई, बैंकॉक से आए यात्री के बैग से 12.86 किलो गांजा बरामद
- 4.5 करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ भारतीय यात्री गिरफ्तार
- एक्स-रे जांच में खुला राज, बैग से निकले 13 पैकेट संदिग्ध मारिजुआना
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग को बड़ी सफलता मिली है. बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री के सामान की जांच के दौरान अधिकारियों ने भारी मात्रा में संदिग्ध गांजा (Marijuana) बरामद किया. एक्स-रे स्क्रीनिंग में संदेह होने पर बैग की तलाशी ली गई, जिसमें कई पैकेटों में छिपाकर रखा गया मादक पदार्थ मिला. मामले में आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.
एक्स-रे जांच में सामने आया मामला
कस्टम विभाग के अनुसार भारतीय यात्री 6 अक्टूबर को बैंकॉक से फ्लाइट संख्या AI2335 के जरिए दिल्ली के टर्मिनल-3 पर पहुंचा था. आगमन के बाद ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने संदेह के आधार पर उसे ग्रीन चैनल से अलग कर सामान की विस्तृत जांच के लिए रोका. सामान की एक्स-रे जांच के दौरान बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर उसकी तलाशी ली गई. जांच में बैग से हरे रंग के पदार्थ से भरे 13 पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए.

दिल्ली कस्टम विभाग द्वारा शेयर की गई जानकारी
Photo Credit: Delhi Customs
12.86 किलो संदिग्ध गांजा बरामद
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक पैकेटों से मिले संदिग्ध हरे रंग के पदार्थ का कुल वजन 12,859.5 ग्राम यानी करीब 12.86 किलोग्राम पाया गया. प्रारंभिक जांच में इसे गांजा (मारिजुआना) बताया गया है. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4.5 करोड़ रुपये आंकी गई है. इसके बाद कस्टम विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पदार्थ को जब्त कर लिया.
NDPS एक्ट के तहत गिरफ्तार
कस्टम विभाग ने बताया कि आरोपी यात्री को 7 अक्टूबर को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 की धारा 43(बी) के तहत गिरफ्तार किया गया. वहीं बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ को पैकिंग सामग्री सहित धारा 43(ए) के तहत जब्त किया गया है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित लिंक का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें : 845 किलो से ज्यादा गांजा, चरस, कोकीन और एम्फेटामाइन जब्त, DRI की देशभर में बड़ी कार्रवाई; 15 तस्कर गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं