बिहार के सीतामढ़ी जिले से पुलिस के बड़े एक्शन की खबर सामने आई है. सीतामढ़ी पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव हत्याकांड के तीन आरोपियों को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पिस्टल और गोलियों से भरा बैग भी मिला है. मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई रीगा-परसौनी रोड पर हुई. जहां घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखते ही तीनों बाइक से भागने लगे. बाइक फिसलकर गिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में तीनों के पैरों में गोली लगी. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया. मौके से 3 सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और गोलियों से भरा पिट्ठू बैग बरामद किया गया है.
25 जुलाई 2026 को हुई थी प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की हत्या
दरअसल, 25 जुलाई 2026 की देर शाम रीगा थाना क्षेत्र के मेहंदी नगर में प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. पुलिस के अनुसार, दिनेश यादव को करीब सात गोलियां लगी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. घटना के बाद पुलिस ने हत्याकांड की जांच शुरू की थी.

देर रात घटनास्थल पर पुलिस की मौजूदगी.
आरोपी सुनील कुशवाहा की सूचना पर अलर्ट थी पुलिस
इसी मामले में 6-7 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 11 बजे जिला आसूचना इकाई (DIU) को सूचना मिली कि हत्याकांड का आरोपी सुनील कुशवाहा अपने साथियों के साथ रीगा-परसौनी थाना क्षेत्र में देखा गया है. सूचना मिलते ही आसपास के थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया.
पुलिस को देखते भागने लगे थे बदमाश
रीगा थानाध्यक्ष, DIU की टीम और दिनेश यादव हत्याकांड के लिए गठित SIT ने रीगा-परसौनी रोड पर सघन गश्त शुरू की. रेवासी-भगवानपुर बॉर्डर के पास एक बाइक पर तीन संदिग्ध नजर आए. पुलिस की गाड़ी देखते ही उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलकर गिर गई.

सीतामढ़ी में एनकाउंटर स्थल पर पुलिस.
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इसमें तीनों के पैरों में गोली लगी. घायल होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया.
सुनील कुशवाहा सहित इन तीन आरोपियों का हाफ एनकाउंटर
घायलों की पहचान सुनील कुशवाहा निवासी रामनगरा, थाना रीगा, मणि कुमार निवासी बैरगनिया और इंदल कुमार निवासी गाढ़ा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, तीनों का लूट, हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में इतिहास रहा है.
सीतामढ़ी से रंजीत कुमार की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें - सीतामढ़ी में जिला परिषद सदस्य के पति को गोलियों से भूना, मॉर्निंग वॉक के दौरान मारी 8 गोलियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं