विज्ञापन

संविधान का संदेश Gen Z तक पहुंचाएगी BJP, 26 से 30 तक देशभर के स्कूल-कॉलेजों में होंगे विशेष कार्यक्रम

संविधान दिवस 2026 के अवसर पर बीजेपी 26 से 30 नवंबर तक देशभर में स्कूलों और कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी. पार्टी ने सांसदों को युवाओं के बीच संविधान के मूल्यों, आदर्शों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.

संविधान का संदेश Gen Z तक पहुंचाएगी BJP, 26 से 30 तक देशभर के स्कूल-कॉलेजों में होंगे विशेष कार्यक्रम
constitution day bjp programmes gen z schools colleges

बीजेपी ने संविधान दिवस 2026 पर देश भर के युवाओं के बीच जाने का फैसला किया है. हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के तौर पर मनाया जाता है. इस बार बीजेपी 26 नवंबर से 30 नवंबर तक पूरे देश में स्कूलों और कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित करेगी. पार्टी ने लोकसभा और राज्यसभा के सभी सांसदों को निर्देश दिया है कि वे अपने संसदीय क्षेत्रों में इन कार्यक्रमों का आयोजन करें. सांसदों से कहा गया है कि वे विशेष रूप से स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों के बीच संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित करें.

पार्टी ने कहा है कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संविधान के मूल्यों, आदर्शों एवं नागरिकों के कर्तव्यों के प्रति युवाओं और आम जनमानस में जागरूकता बढ़ाई जाए तथा विद्यार्थियों एवं क्षेत्र के नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए. 

गौरतलब है कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार को जेन जी के गुस्से का सामना करना पड़ा था. वहीं, पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों ने संविधान को बड़ा मुद्दा बनाया था. विपक्ष ने आरोप लगाया था कि एनडीए 400 सीटें हासिल कर संविधान बदल देगी और आरक्षण समाप्त कर देगी. हालांकि, बीजेपी नेताओं ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था.राहुल गांधी अपनी जनसभाओं में संविधान की प्रति लहराते नजर आते थे. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में इस मुद्दे का बीजेपी पर असर देखने को मिला था. यही कारण है कि बीजेपी ने संविधान दिवस के अवसर पर देशभर में पांच दिनों तक कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है. इसके माध्यम से पार्टी युवाओं और किशोरों के बीच जाकर संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करेगी. 

26 नवंबर को संविधान दिवस

गौरतलब है कि मोदी सरकार ने 2015 में हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था. इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था. मोदी सरकार ने संविधान मसौदा समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में 26 नवंबर 2015 को संविधान दिवस के रूप में घोषित किया था. तब से हर वर्ष 26 नवंबर संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है. इससे पहले इस दिन को राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में जाना जाता था. 

यह भी पढ़ें- LIC एजेंट की बेटी रेखा सियाक बनीं IAS, योगी सरकार ने यूपी चुनाव से पहले बनाया ड‍िप्‍टी कलेक्‍टर   

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
BJP, India, Constitution Day
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com