विज्ञापन

अगर यूनिवर्सिटी बनाने की ये कीमत चुकानी होती तो जेल जाने के बजाय रिक्शा चलाना पसंद करता: आजम खान

ED की कार्रवाई के बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने दावा किया है कि उनके खिलाफ ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की गई, जिनमें सजा बेहद कम थी, लेकिन उन्हें वर्षों तक जेल में रहना पड़ा.

अगर यूनिवर्सिटी बनाने की ये कीमत चुकानी होती तो जेल जाने के बजाय रिक्शा चलाना पसंद करता: आजम खान
जेल से रिहाई के बाद सपा नेता आजम खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की
ANI

समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता ने जेल से रिहाई के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने ने चुनाव आयोग, ईडी, आयकर विभाग और अन्य सरकारी एजेंसियों पर निशाना साधते हुए कहा कि इन संस्थाओं की कार्रवाई से उन्हें और उनके परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है.

रामपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान आज़म खान ने कहा, "चुनाव आयोग ने वैश्विक स्तर पर देश की बदनामी कराई है. ED, आयकर विभाग, विकास प्राधिकरण और CBI जैसी एजेंसियों ने जनता को बहुत तकलीफ दी है."

उन्होंने मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का ज्यादातर निर्माण वर्ष 2004 से 2006 के बीच पूरा हो गया था, लेकिन आयकर विभाग ने मौजूदा CPWD दरों के आधार पर उसका मूल्यांकन किया. उस समय निर्माण लागत बहुत कम थी और बड़ी संख्या में लोगों ने श्रमदान भी किया था.

उन्होंने आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी को निशाना बनाया गया और कहा, "अगर सर सैयद अहमद खान या पंडित मदन मोहन मालवीय के दौर में ED, आयकर विभाग और विकास प्राधिकरण होते तो शायद AMU और BHU जैसे संस्थान भी नहीं बन पाते."

आम खान ने अपने जेल के दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने और उनके परिवार ने गंभीर कठिनाइयां झेली हैं. उन्होंने कहा, "जब हमने सरेंडर किया था तब मेरा वजन 98 किलो था, अब 70 किलो रह गया है. हमारे साथ बहुत अन्याय हुआ है."

उन्होंने दावा किया कि उनके बेटे को भी जेल में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. आजम खान ने कहा, "अगर मुझे पता होता कि यूनिवर्सिटी बनाने की कीमत इतनी चुकानी पड़ेगी, तो मैं जेल जाने के बजाय रिक्शा चलाना पसंद करता."

'मुसलमान होने की सजा'

रामपुर विकास प्राधिकरण की कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन विश्वविद्यालय की इमारत गिराना चाहता है तो वह भी देख लेंगे. उन्होंने कहा, "मैं तो कहूंगा आइए और बुलडोजर से यूनिवर्सिटी की इमारत तोड़ दीजिए, ताकि दुनिया देखे कि जब एक मुसलमान शिक्षा का मंदिर बनाता है तो उसके साथ क्या होता है."

आजम खान ने यह भी दावा किया कि उन पर ऐसे मामलों में कार्रवाई की गई जिनमें सजा बेहद कम थी, लेकिन उन्हें सालों तक जेल में रहना पड़ा. उन्होंने कहा, "एक ऐसे मामले में, जिसमें 15 दिन की सजा थी, मुझे जमानत के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा और मैं चार साल जेल में रहा."

आजम खान ने कहा कि आने वाले समय में चुनाव केवल धर्म और जाति के आधार पर नहीं लड़े जाएंगे. उनके अनुसार, लोगों को यह समझ आने लगा है कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले ही सबसे अधिक नुकसान पहुंचा रहे हैं.

'मुर्गी चोरी से लेकर फर्नीचर चोरी तक के केस लगाए गए'

आजम खान ने ईडी, पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि उनके साथ बदसलूकी की गई और उन पर ऐसे-ऐसे मुकदमे लगाए गए, जिनकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. उन्होंनेने कहा, 'ED ने हमारे साथ बदसलूकी की. उनके साथ आए मुरादाबाद के पुलिसकर्मियों ने हमें चोटें भी पहुंचाईं. शायद यह पहली बार है जब मुझ पर मुर्गियों की चोरी करवाने का आरोप लगाया गया. सिर्फ मुर्गियां ही नहीं, बल्कि बकरियां, भैंसें और फर्नीचर चोरी कराने तक के मुकदमे लगाए गए.'

उन्होंने कहा कि इनमें से एक मामले में उन्हें 21 साल की सजा और 36 लाख रुपये के जुर्माने का सामना करना पड़ रहा है. आजम खान ने कहा कि देश की अदालतों और जनता को इस बात की जानकारी है कि उनके साथ क्या हुआ है.

जेल में अमानवीय व्यवहार का आरोप

आजम खान ने जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए कहा कि उनके मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ. उनका आरोप है कि उन्हें और उनके बेटे को लंबे समय तक बेहद छोटी कोठरी में रखा गया. उन्होंने कहा, "दो लोगों को 11×7 फुट की कोठरी में 20 से 24 घंटे तक बंद रखा गया. हमें ऐसा खाना दिया जाता था जिसे शायद कोई आवारा कुत्ता भी न खाए. जेलों के लिए सरकार पैसा देती है, लेकिन अंदर क्या हो रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Azam Khan, Azam Khan 10 YEAR JAIL, Azam Khan 7 Years In Jail, Azam Khan Apologizing, Azam Khan Bail Granted
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com