कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों और राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर व्यापक चर्चा हुई. बैठक में राहुल गांधी का भाषण सबसे ज्यादा चर्चा का विषय रहा. जानकारी के अनुसार राहुल गांधी करीब 20 मिनट तक बोले और उन्होंने छात्रों के मुद्दों, संगठन की रणनीति तथा केंद्र सरकार के खिलाफ अभियान को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं.
राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना
बैठक में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, "अब मोदी का टाइम खत्म हो गया है और बीजेपी में मोदी का विकल्प ढूंढा जा रहा है."
राहुल गांधी ने आगे कहा कि "मोदी का शासन अंतिम दौर में है और मौजूदा सरकार पूरी तरह से बैकफुट पर है." उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि पार्टी के पास यह बड़ा अवसर है और अगर कांग्रेस पूरी ताकत से मैदान में उतरे तो सरकार को मुश्किल में डाला जा सकता है. राहुल गांधी ने नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस को लगातार आक्रामक रुख अपनाने की जरूरत है ताकि अवसर मिलने पर भाजपा को राजनीतिक तौर पर चुनौती दी जा सके.
छात्रों के बीच पहुंचने की तैयारी
बैठक में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर भी विशेष चर्चा हुई. कांग्रेस ने तय किया कि "छात्रों की गूंज" कार्यक्रम को आगे भी जारी रखा जाएगा. इसके तहत पार्टी नेताओं को विभिन्न जिलों और शैक्षणिक संस्थानों में भेजा जाएगा. जहां राहुल गांधी स्वयं नहीं पहुंच पाएंगे वहां युवा नेताओं को भेजा जाएगा. पार्टी देश के करीब 200 जिलों को चिन्हित करने की तैयारी में है, जहां छात्रों और युवाओं के बीच सीधे संवाद कार्यक्रम चलाए जाएंगे.
राम मंदिर चंदा विवाद को बनाएगी मुद्दा
बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. कांग्रेस ने इसे जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनाने का फैसला किया है. पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और मोहल्लों में जाकर लोगों को इस मुद्दे की जानकारी देने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इसके लिए "घर-घर चोरी" अभियान चलाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई.
खरगे ने उठाया शुद्धिकरण का मुद्दा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हल्द्वानी में उनके मंच के शुद्धिकरण की घटना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस मामले पर पार्टी के कई नेता खुलकर नहीं बोले और कई वरिष्ठ नेताओं ने सार्वजनिक रूप से इसकी निंदा नहीं की. राजनीतिक गलियारों में खरगे की इस टिप्पणी को कुछ वरिष्ठ नेताओं की ओर इशारा माना जा रहा है.
महिला आरक्षण और परिसीमन पर भी चर्चा
बैठक में लोकसभा की 543 सीटों को अगले 25 वर्षों तक फ्रीज रखने की मांग पर भी चर्चा हुई. साथ ही कांग्रेस ने वर्तमान लोकसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने की मांग उठाने का फैसला किया. सूत्रों के अनुसार परिसीमन के मुद्दे पर संभावित विशेष सत्र की चर्चा के बीच कांग्रेस ने इस विषय को भी अपने राजनीतिक एजेंडे में शामिल कर लिया है.
चुनावी तैयारी में जुटी कांग्रेस
कुल मिलाकर कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक से यह संकेत मिला कि पार्टी आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर पूरी तैयारी में जुट गई है. संगठन विस्तार, छात्रों से संवाद, महिला आरक्षण, परिसीमन और सरकार के खिलाफ आक्रामक अभियान जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है.
यह भी पढ़ें- JPSC और JSSC परीक्षाएं रद्द करने के आदेश पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं