- कांग्रेस ने गोवा में मल्लिकार्जुन खरगे की सभा में वंदे मातरम् के केवल शुरुआती दो पद गाए, पुराना फॉर्मेट अपनाया
- दिल्ली में 15 अगस्त को कांग्रेस कार्यालय में पूरा वंदे मातरम् गाने पर विवाद हुआ
- भाजपा की गोवा इकाई ने कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत का अपमान करने का आरोप लगाते हुए माफी मांगने को कहा
कांग्रेस ने गोवा में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा में 'वंदे मातरम्' के शुरुआती दो पद गाए. यानी कांग्रेस ने वंदे मातरम का पुराना फॉर्मेट ही गाया. इससे पहले 15 अगस्त को दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर में पूरा गाना गाने पर विवाद हुआ था. तब भाजपा और सीपीएम ने कांग्रेस पर सवाल उठाए थे. बीजेपी ने सोनिया गांधी पर वंदे मातरम् के अपमान का आरोप लगाया था. वहीं सीपीएम ने पूरा वंदे मातरम् गाने पर कांग्रेस पर हमला किया था.
वंदे मातरम् विवाद में BJP की गोवा इकाई ने कांग्रेस से माफी मांगने को कहा
स्वतंत्रता दिवस पर सोनिया गांधी और अन्य सीनियर नेताओं के एक वीडियो को लेकर जारी विवाद के बीच बीजेपी की गोवा इकाई ने सोमवार को विपक्षी दल पर राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' का अनादर करने का आरोप लगाया और उनसे माफी की मांग की. गोवा भाजपा के प्रवक्ता दाजी कृष्ण सालकर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 1937 में 'वंदे मातरम' के गायन को यह कहते हुए छोटा कर दिया था कि यह धर्मनिरपेक्ष नहीं है. सालकर ने कहा, 'जिस तरह उन्होंने 1937 में वंदे मातरम् के टुकड़े किए, उसी तरह 1947 में देश का विभाजन कर दिया.' उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही पूरे राष्ट्रीय गीत को गाने की परंपरा शुरू की है.
स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस कमेटी मुख्यालय के एक वीडियो, जिसमें सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी नजर आ रहे हैं, का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के आचरण से साफ है कि वे वंदे मातरम् के खिलाफ हैं. उन्होंने कहा, 'कांग्रेस को यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि उन्हें वंदे मातरम् गाना पसंद नहीं है.' सालकर ने आरोप लगाया कि लोगों ने सोनिया गांधी को वंदे मातरम् का गायन रुकवाने की कोशिश करते देखा है और दावा किया कि राहुल गांधी ने कहा था कि वंदे मातरम् राष्ट्रगान नहीं है.
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, 'वंदे मातरम् के प्रति अपनी नफरत को लेकर कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है. उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं