पिछले दिनों शुरू हुआ वंदे मातरम् विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. अब खबर कर्नाटक से आई है, जहां कथित तौर पर बीजेपी नेता ने गीत छोटा किए जाने का विरोध किया है. शिवमोग्गा से बीजेपी विधायक एस.एन. चन्नबसप्पा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के केवल दो छंदों के बाद कथित तौर पर इसे छोटा कर दिए जाने के विरोध में एक सरकारी कार्यक्रम से बाहर चले गए. यह घटना शिवमोग्गा के डॉ. बी.आर. अम्बेडकर भवन में अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान हुई.
विधायक ने जोर देकर कहा कि राज्य को केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन करना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय गीत को बीच में ही क्यों बंद कर दिया गया.
कांग्रेस और NC भी आमने-सामने
वंदे मातरम के सभी छह छंद गाने को लेकर कई राज्यों में विवाद की स्थिति है. जम्मू-कश्मीर में तो कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस एक-दूसरे के आमने-सामने आ चुकी हैं. हाल ही में श्रीनगर में फिल्म फेस्टिवल आयोजित हुआ था. उस कार्यक्रम में वंदे मातरम के छह छंद गाए गए थे. इसे लेकर कांग्रेस ने सवाल उठा दिए थे. के.सी. वेणुगोपाल ने तो सोशल मीडिया पर यहां तक कह दिया था कि नेशनल कॉन्फ्रेंस को भी कांग्रेस की रेजोल्यूशन का सम्मान करना चाहिए. लेकिन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि क्या कांग्रेस ये चाहती है कि जम्मू-कश्मीर के लोग जेल में चले जाएं?
ये भी पढ़ें: 'कांग्रेस वाले क्या चाहते हैं, कश्मीरी और जेल में भरे जाएं'; वंदे मातरम् विवाद पर उमर अब्दुल्ला की दो टूक
मुख्यमंत्री के उस बयान पर निशाना साधते हुए जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की बात कब आ गई? हमारी उम्मीद सिर्फ और सिर्फ जम्मू-कश्मीर सरकार से है. जनता से इसका कोई लेना-देना नहीं है. और वैसे भी सरकार से उम्मीद की जा रही है कि वह वंदे मातरम के समय खड़ी रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं