- उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और कनेक्टिविटी में सुधार से निवेश और औद्योगिक विकास को गति मिली है
- प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं जो लगभग सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार प्रदान कर रही हैं
- बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए विशेष इंसेंटिव उपलब्ध कराए जा रहे हैं
उत्तर प्रदेश में उद्योगों के तेजी से विस्तार और निवेश के बढ़ते दायरे के बीच एक सवाल अक्सर उठता है कि राज्य की बड़ी संख्या में औद्योगिक इकाइयां नोएडा और उसके आसपास के क्षेत्रों में ही क्यों मौजूद हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस सवाल का जवाब देते हुए बताया कि किसी भी उद्योगपति की पहली प्राथमिकता ऐसी जगह होती है जहां पर्याप्त जमीन उपलब्ध हो, सुरक्षा का माहौल बेहतर हो और कारोबार के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं मौजूद हों.
"जहां जमीन और सुरक्षा होगी, उद्योग वहीं जाएगा"
सीएम योगी ने कहा कि जब उनकी सरकार ने कामकाज शुरू किया था तब प्रदेश के सामने कनेक्टिविटी, कानून व्यवस्था और पॉलिसी पैरालाइसिस जैसी बड़ी चुनौतियां थीं. इन समस्याओं का असर निवेश और औद्योगिक विकास पर पड़ रहा था. उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सुधार हुआ है और आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था देश में एक मिसाल मानी जाती है.
"2017 तक यूपी की आर्थिक हिस्सेदारी लगातार घटी"
मुख्यमंत्री ने बताया कि आजादी के समय देश की अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 14 फीसदी थी. समय के साथ यह घटती गई और वर्ष 2017 तक यह लगभग 7 फीसदी रह गई. उस दौर में राज्य को बीमारू राज्यों की श्रेणी में गिना जाता था. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश की वास्तविक क्षमता को पहचानते हुए विकास को नई दिशा देने का काम किया है.
"96 लाख MSME यूनिट्स दे रही हैं करोड़ों लोगों को रोजगार"
योगी आदित्यनाथ के मुताबिक आज उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां संचालित हो रही हैं. इनसे करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा अब रोजगार के लिए बड़े पैमाने पर पलायन नहीं कर रहा बल्कि अपने ही राज्य में अवसर प्राप्त कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है.
यह भी पढ़ें | यूपी के 72 बस अड्डों पर होगी एयरपोर्ट जैसी सुविधा, 11 पर PPP मॉडल पर काम शुरू, जानें मास्टर प्लान
"पूर्वांचल और बुंदेलखंड भी बन रहे निवेश केंद्र"
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सेक्टर आधारित रणनीति अपनाई है. जिन इलाकों में उद्योगों का दबाव अधिक है वहां प्रोत्साहन कम दिया जा रहा है जबकि बुंदेलखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में निवेश आकर्षित करने के लिए विशेष इंसेंटिव उपलब्ध कराए जा रहे हैं.
"75 जिलों में पहुंचे निवेश प्रस्ताव"
उन्होंने बताया कि हाल में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट में प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए. हालांकि नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर और हापुड़ लंबे समय से निवेशकों की पसंद रहे हैं क्योंकि वहां पहले से बेहतर सुविधाएं मौजूद थीं. लेकिन अब तस्वीर बदल रही है.
"गोरखपुर में उतर रहे हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट"
योगी ने कहा कि गोरखपुर के लिए करीब एक लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे जिनमें से लगभग 35 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं. उन्होंने कहा कि पहले शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि गोरखपुर जैसे क्षेत्र में आधुनिक हथियारों का निर्माण होगा और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे रक्षा उपकरण तैयार किए जाएंगे. यह प्रदेश में औद्योगिक विकास के फैलते दायरे और बदलती तस्वीर का संकेत है.
यह भी पढ़ें | NDTV क्रिएटर्स मंच पर सीएम योगी आदित्यनाथ, चुनाव से पहले देखिए सबसे बड़ा इंटरव्यू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं