बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने ANI को दिए इंटरव्यू में बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत और बीजेपी की हार पर अपनी गलती मानी है. उन्होंने कहा, "भारतीय जनता पार्टी और हम लोग मंथन कर रहे हैं. हम लोगों से गलती तो हुई है. हमारी सीट पर कोई और जीत रहा है, यह चिंता का विषय है. पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता काम कर रहा है. यह मेरे लिए भी अलार्मिंग है. विचार करके पूरे सिस्टम को ठीक करेंगे."
एक सीट बिहार का मैंडेट नहीं होता
सम्राट चौधरी ने कहा कि एक सीट पूरे बिहार का मैंडेट नहीं होता है. बिहार में इस तरह के उप-चुनाव होते रहे हैं. 2005 में नीतीश जी आए, और 2009 में उप-चुनाव हुए. 17 सीट में से 12 हार गए थे. 12 सीट हार जाने के बाद भी 206 सीट जीतकर आए.
विधायक की तरह काम करें प्रशांत किशोर
उन्होंने कहा कि बिहार का मैंडेट भागलपुर, पूर्णिया, मोतिहारी, शारन और शाहाबाद तय करता है. एक सीट तय नहीं करता है. प्रशांत किशोर विधायक बने हैं. अच्छा काम करिए. विधायक की तरह काम करना पड़ेगा. जनता का मैंडेट इसलिए है कि काम करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि हम लोग भी काम करेंगे, नहीं तो जनता को तय करना है.
"व्यक्तिगत किसी से लड़ाई नहीं"
प्रशांत किशोर पर सीएम सम्राट चौधरी ने बिना नाम लिए कहा, "वो (प्रशांत किशोर) ने पूरा चुनाव कुछ नहीं बोला होगा, और मैं व्यक्तिगत पर नहीं जाता. मेरी व्यक्तिगत किसी से लड़ाई नहीं है, इसलिए मैं व्यक्तिगत होता भी नहीं. वो (प्रशांत) बेचारा है. मेरे खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक लोग लड़ते हैं. कोर्ट तय करेगा, हम आप नहीं तय करेंगे. जिसको जो बोलना है बोलने दीजिए मैं काम करने के लिए बैठा हूं."
यह भी पढ़ें: सहारनपुर में PNB बैंक के करेंसी स्टोर तक कैसे पहुंचे नकली 17.29 करोड़ के नोट, गिरफ्तार मैनेजर खोलेगा राज?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं