पूरे देश में भीषण गर्मी की वजह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है. वहीं राजस्थान में तापमान 45 डिग्री से 48 डिग्री तक पहुंच चुका है. इतनी गर्मी के बाद भी स्कूलों में गर्मी छुट्टी का ऐलान नहीं किया है. ऐसे में स्कूली बच्चों पर हीटवेब का असर दिखने लगा है. मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में हीटवेब की चेतावनी जारी की है, साथ ही लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. लेकिन इस बीच हीटवेब का प्रकोप देखने को मिल रहा है. राजस्थान के डीग जिले में तेज गर्मी की वजह से 12वीं की चार छात्रा स्कूल में ही बेहोश होकर गिर गई. बाद में इलाज के लिए सभी छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया.
खबरों के मुताबिक, डीग में लाल मनोहर लाल खंडेलवाल स्कूल में 12वीं की 4 छात्राएं उस वक्त बेहोश हो गई, जब वह परीक्षा दे रही थी. तेज गर्मी की वजह से छात्रा चक्कर खाकर बेहोश होकर गिर गई. वहीं आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. बेहोश होने वाली छात्राओं में तनु (पुत्री रोहतास), राधिका (पुत्री हरेंद्र), अक्षरा (पुत्री कोमल) और अर्पिता (पुत्री कुंवर सिंह) शामिल हैं.
ठीक नहीं थी छात्राओं की स्थिति
इस घटना के बाद CMHO विजय सिंघल और PMO डॉ. जितेंद्र सिंह फौजदार ने छात्राओं से मिलकर हालचाल जाना. उन्होंने बताया कि छात्राओं की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है. वह बात करते समय काफी डरी हुई थीं. उन्होंने कहा, छात्राएं गर्मी के कारण ही बेहोश हुई थीं. सभी छात्राओं का डीग जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है. वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारी, डीओ मनोज खुराना और हरवीर सिंह चाहर भी मौके पर पहुंचे और छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली.
राजस्थान में कहां-कहां हीटवेब अलर्ट
राजस्थान में मौसम विभाग ने अब हीटवेब का अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, वर्तमान में दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 48.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में अगले 4 से 5 दिनों तक तीव्र हीटवेव और ऊष्णरात्री की स्थिति बनी रह सकती है. दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है. यहां भी कुछ स्थानों पर हीटवेव और गर्म रातें दर्ज हो सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं