- चंद्रशेखर आजाद ने CM योगी को बिजनौर की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दी है
- उन्होंने कहा कि यदि योगी को हराया नहीं गया तो वे राजनीति छोड़ देंगे और जनता को बेहतर शिक्षा सुविधाएं चाहिए
- अभी तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से इस चुनौती पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है
अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. इसी बीच आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद 'रावण' ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खुली चुनावी चुनौती दे दी है. एक जनसभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री में हिम्मत है तो वे बिजनौर की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं.
चंद्रशेखर आजाद ने कहा, 'मैं इस मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चैलेंज कर रहा हूं. बिजनौर में कुल आठ विधानसभा सीटें हैं. इनमें दो आरक्षित और छह सामान्य सीटें हैं. मुख्यमंत्री अपनी पसंद की किसी भी सीट से चुनाव लड़ लें. अगर उन्हें हराकर नहीं भेजा तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा.'
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री अगर अपनी लोकप्रियता पर भरोसा रखते हैं तो उन्हें बिजनौर से चुनावी मैदान में उतरना चाहिए. चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि जनता को केवल पांच किलो राशन नहीं, बल्कि बच्चों की अच्छी शिक्षा और बेहतर सुविधाओं की जरूरत है.
हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से इस चुनौती पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. लेकिन यह पहला मौका नहीं है जब उन्हें चुनाव लड़ने को लेकर चुनौती दी गई हो. इससे पहले समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे चुके हैं. वहीं AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी योगी को संभल से चुनाव लड़ने का न्योता दे चुके हैं.
2022 में गोरखपुर से आमने-सामने थे योगी और चंद्रशेखर
2022 विधानसभा चुनाव में गोरखपुर शहर सीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 66.18 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी. समाजवादी पार्टी की सुभावती शुक्ला को 24.84 प्रतिशत वोट मिले थे. वहीं चंद्रशेखर आजाद को 3.06 प्रतिशत वोट शेयर मिला था और उनकी जमानत जब्त हो गई थी.
बिजनौर की 8 सीटों का गणित
2022 विधानसभा चुनाव में बिजनौर जिले की आठ सीटों में से चार पर भाजपा और चार पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी.
बिजनौर - बीजेपी
नजीबाबाद - समाजवादी पार्टी
नगीना - समाजवादी पार्टी
बढ़ापुर - बीजेपी
धामपुर - बीजेपी
नहटौर - बीजेपी
चांदपुर - समाजवादी पार्टी
नूरपुर - समाजवादी पार्टी
बीजेपी का पलटवार
चंद्रशेखर की चुनौती पर उत्तर प्रदेश के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि चंद्रशेखर एक चुनाव जीत गए हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता उनके साथ नहीं है. उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों के नतीजे सब कुछ साफ कर देंगे.
यह भी पढ़ें | संजय निषाद के फिर बागी तेवर, दिल्ली में करेंगे निषादों का जुटान; आरक्षण नहीं तो चैन नहीं का नारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं