उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने वाले बयान पर जवाब दिया है. उन्होंने बिना नाम लेते हुए कहा कि जिस उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताया जा रहा है, वहीं से यूपी के पहले मुख्यमंत्री निकले थे. इस दौरान सीएम योगी ने उत्तराखंड की कई अहम चीजों का जिक्र किया, जिसमें गंगा से लेकर यमुना और सरयू तक का जिक्र था. योगी आदित्यनाथ मूल रूप से खुद भी उत्तराखंड से ही आते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि योगी आदित्यनाथ के गांव का नाम क्या है और ये उत्तराखंड के कौन से जिले में आता है.
उत्तराखंड के इस गांव से आते हैं योगी
योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल से आते हैं. पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक में उनका गांव पड़ता है, जिसका नाम पंचूर है. कुछ वक्त पहले योगी आदित्यनाथ अपने गांव पहुंचे थे. यहां उन्होंने अपने पुराने दोस्तों और परिवार के लोगों के साथ मुलाकात की. कई सालों के बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे योगी आदित्यनाथ को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई और उन्होंने पुरानी यादें भी साझा कीं. उनका परिवार आज भी यहीं रहता है और सभी आम आदमी की तरह सादगी भरी जिंदगी जीते हैं.
अखिलेश यादव के बयान का दिया जवाब
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव के एक बयान का जवाब देते हुए कहा, "मैं एक व्यक्ति का बयान सुन रहा था. वो उत्तराखंड वासियों को कह रहा था कि वो घुसपैठिए हैं. मैंने कहा कि उत्तर प्रदेश के तो पहले मुख्यमंत्री ही उत्तराखंड के थे. मैंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी नहीं होती तो पता नहीं तुम सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते...मां गंगा भी तो उसी उत्तराखंड से आई है और मां यमुना भी वहीं से आई है, सरयू मैया भी वहीं से आई है, राप्ती नदी भी वहीं से आई है, राम गंगा भी वहीं से आई है. ये सब वहीं से आए हैं. इतनी संकुचित और छोटी सोच के साथ, जो बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं, उनसे ये लोग गले मिलते हैं. उनके सामने नाक रगड़ते हैं और देवभूमि वासियों के प्रति जहर उगलने का काम करते हैं."
सीएम योगी ने उत्तराखंड के महान क्रांतिकारी वीर चंद्रसिंह गढ़वाली का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, उत्तराखंड के वीर चंद्रसिंह गढ़वाली जब ब्रिटिश कालखंड में उन्हें निर्दोष हिंदुस्तानियों पर गोली चलाने का आदेश दिया गया तो उन्होंने मना कर दिया, उन्होंने कहा मैं गोली नहीं चलाऊंगा. पूरी ब्रिटिश हुकूमत हिल गई. उन्हें इसकी सजा दी गई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.
यह भी पढ़ें | UPSC में दो बार फेल, क्रिकेट करियर भी हुआ तबाह; आज 100 करोड़ का मालिक है ये शख्स
यह भी पढ़ें | IAS बनने के बाद क्या दोबारा UPSC परीक्षा दे सकते हैं? जान लीजिए नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं