RBI New Money Transfer Rules: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश में घरेलू मनी ट्रांसफर यानी Domestic Money Transfer (DMT) को लेकर नए दिशानिर्देश जारी किए हैं. बुधवार, 11 नवंबर को जारी इन नियमों में पैसे भेजने की मौजूदा लिमिट में कोई बदलाव नहीं किया गया है. नए नियमों के तहत बैंक ब्रांच में जाकर कोई भी वॉक-इन ग्राहक NEFT के जरिए किसी दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में 50,000 रुपये तक भेज सकता है.
RBI ने इन नियमों को घरेलू मनी ट्रांसफर से जुड़े पुराने निर्देशों को एक जगह लाने और उन्हें आसान बनाने के लिए जारी किया है. इसका मकसद उन लोगों को भी बैंकिंग चैनल के जरिए पैसे भेजने की सुविधा देना है, जिनके पास पहचान या पते से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं हैं. इसमें खासतौर पर प्रवासी मजदूरों जैसे लोगों को ध्यान में रखा गया है.
बैंक ब्रांच से NEFT के जरिए भेज सकेंगे ₹50,000
RBI के नए निर्देशों के मुताबिक, बैंक ब्रांच में आने वाला कोई भी ग्राहक कैश पे-इन सर्विस का इस्तेमाल करके NEFT के जरिए लाभार्थी के बैंक खाते में अधिकतम 50,000 रुपये भेज सकता है. यह सुविधा उन लोगों के लिए है जो बैंक के ग्राहक नहीं हैं, लेकिन बैंक ब्रांच के जरिए पैसे ट्रांसफर करना चाहते हैं.
BC और ATM से पैसे भेजने की लिमिट
बैंक अब बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) और ATM के जरिए भी पैसे ट्रांसफर करने की सुविधा दे सकते हैं. इस माध्यम से एक बार में अधिकतम 5,000 रुपये भेजे जा सकते हैं. वहीं, एक महीने में प्रति पैसा भेजने वाले (Remitter) के लिए कुल लिमिट 25,000 रुपये तय की गई है.
बिना बैंक खाते वाले व्यक्ति को मिल सकेंगे पैसे
RBI ने बैंकों को ऐसे लोगों तक भी पैसे पहुंचाने की सुविधा देने की अनुमति दी है, जिनका बैंक में खाता नहीं है. इसके तहत बैंक ग्राहक अपने खाते से पैसे ट्रांसफर कर सकते हैं और लाभार्थी को ATM, बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट या किसी दूसरे अधिकृत पेमेंट चैनल के जरिए नकद रकम मिल सकती है.इस कैश पे-आउट सर्विस के तहत एक ट्रांजैक्शन में अधिकतम 10,000 रुपये दिए जा सकते हैं. वहीं, एक लाभार्थी के लिए महीने भर में कुल लिमिट 25,000 रुपये रखी गई है.
ट्रांजैक्शन पर नजर रखेंगे बैंक
RBI ने बैंकों और नॉन-बैंकिंग संस्थानों को इन ट्रांसफर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा है. इसके तहत ट्रांजैक्शन की संख्या और रफ्तार पर नजर रखने के लिए वेलोसिटी चेक और ग्राहकों को उनके खाते में पैसे जमा होने की जानकारी देने वाले अलर्ट सिस्टम लगाने होंगे.अगर किसी एक खाते या खातों के समूह में अचानक बड़ी संख्या में पैसे जमा होने लगते हैं, तो बैंक को इसकी तुरंत जांच करनी होगी. किसी भी संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी देनी होगी.
RBI के मुताबिक, इन सुविधाओं के तहत होने वाले फंड ट्रांसफर रियल टाइम या उसके करीब समय में पूरे किए जाने चाहिए. वहीं, कार्ड-टू-कार्ड ट्रांसफर को इन नए दिशानिर्देशों के दायरे से बाहर रखा गया है.
यह भी पढ़ें | 8th Pay Commission: क्या 2027 में कर्मचारियों की बेसिक सैलरी ₹18,000 से सीधे ₹46,260 हो जाएगी? जानें यहां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं