जामनगर (गुजरात): गुजरात के जामनगर शहर से संदिग्ध चांदीपुरा वायरस को लेकर एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है. शहर के दिग्जाम सर्कल के पास स्थित रवि पार्क क्षेत्र में रहने वाले दो वर्षीय मासूम बच्चे की सरकारी जी.जी. अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक इस मौत को चांदीपुरा वायरस से जोड़कर पुष्टि नहीं की है, क्योंकि बच्चे के सैंपल की लैब रिपोर्ट अभी आना बाकी है.
गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया था भर्ती
बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उसे शुक्रवार को जामनगर की सरकारी जी. जी. अस्पताल के बाल रोग विभाग में भर्ती कराया गया था. बच्चे की हालत गंभीर होने के कारण उसे तुरंत पीडियाट्रिक आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही थी. इलाज के दौरान सभी आवश्यक चिकित्सकीय प्रयास किए गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
इलाज के दौरान हुई मौत
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया. बच्चे में चांदीपुरा वायरस जैसे लक्षण पाए जाने की आशंका के चलते उसके सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे. फिलहाल रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है.
रिपोर्ट आने के बाद ही होगी आधिकारिक पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल बच्चे की मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की जा सकती. यदि लैब रिपोर्ट में चांदीपुरा वायरस की पुष्टि होती है, तो यह जामनगर में इस वायरस से जुड़ी पहली संभावित मौत मानी जा सकती है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम निष्कर्ष केवल जांच रिपोर्ट के आधार पर ही निकाला जाएगा.
एक साथ तीन संदिग्ध बच्चे पहुंचे थे अस्पताल
सरकारी जी. जी. अस्पताल के बाल रोग विभाग में शुक्रवार को एक साथ तीन बच्चों को भर्ती कराया गया था. तीनों बच्चों में चांदीपुरा वायरस जैसे संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर उनके सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं.
इन तीनों में से एक दो वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है, जबकि अन्य दो बच्चे अभी भी अस्पताल के पीडियाट्रिक आईसीयू में भर्ती हैं. डॉक्टरों के अनुसार दोनों बच्चों की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर
संदिग्ध मामलों के सामने आने के बाद जामनगर का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मरीजों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और सभी आवश्यक चिकित्सा एवं एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य विभाग की टीमें सतर्कता के साथ निगरानी कर रही हैं.
रिपोर्ट पर टिकी सबकी निगाहें
फिलहाल पूरे मामले में सबसे अहम लैब रिपोर्ट मानी जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मासूम की मौत वास्तव में चांदीपुरा वायरस के कारण हुई या किसी अन्य वजह से. वहीं अस्पताल में भर्ती दो अन्य बच्चों की हालत भी गंभीर बनी हुई है, जिस पर स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की लगातार नजर है.
यह भी पढ़ें- गुजरात में Chandipura Virus से तीसरे बच्चे की मौत, डॉक्टरों ने बच्चों के लिए जारी की 3 घंटे की चेतावनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं