विज्ञापन

गले तक पानी और अंधेरा! चमोली के जिस टनल में गई 7 जानें, उसका वीडियो आया सामने

चमोली के टनल हादसे के बाद अब घटनास्थल का वीडियो सामने आया है. रेस्क्यू अभियान के दौरान कई मजदूरों को बाहर निकाला जा चुका है, जबकि हादसे में कई लोगों की जान भी गई है.

चमोली टनल हादसा
  • चमोली में सुरंग के अंदर अचानक भारी पानी भरने से 7 मजदूरों की मौत हो गई और कई घायल हुए हैं.
  • राहत दल ने ड्रमों को नाव बनाकर सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया है.
  • अब तक 25 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और घायल मजदूरों का अस्पताल में उपचार जारी है.

उत्तराखंड के चमोली में टनल के अंदर हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब घटनास्थल का वीडियो सामने आया है. वीडियो में टनल के भीतर चारों ओर पानी भरा दिखाई दे रहा है, जिससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है. हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि राहत और बचाव कार्य के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा.

टनल के भीतर चारों ओर पानी ही पानी

वीडियो में टनल के भीतर चारों ओर पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है. राहत और बचाव दल के जवान ड्रमों को अस्थायी नाव का रूप देकर टनल के अंदर पहुंच रहे हैं और फंसे श्रमिकों तक मदद पहुंचाने में जुटे हैं. रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक 20 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और अभियान को तेजी से चलाने के निर्देश दिए.

निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा था: मजदूर की आपबीती

टनल हादसे में सुरक्षित निकाले गए एक मजदूर ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि अचानक मौसम बदला, तेज हवा चलने लगी और कुछ ही देर में भारी मात्रा में पानी टनल के भीतर घुस गया. देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बच निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा. मजदूर ने कहा, "पानी इतनी तेजी से अंदर आया कि हम लोग बहकर इधर-उधर फेंक दिए गए. कुछ समय बाद पानी का बहाव कम हुआ, तब हम धीरे-धीरे बाहर निकल सके. उस वक्त टनल के अंदर 15 से 20 मजदूर मौजूद थे.

चमोली में सुरंग के भीतर हुए हादसे में अब तक 25 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है. वहीं, 7 मजदूरों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि कई अन्य घायल श्रमिकों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है. राहत-बचाव दल सुरंग में फंसे शेष 3 लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं. मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं.

येे भी पढे़ं : पीपलकोटी टनल हादसा: अचानक पानी के साथ मलबा आया, भागने का मौका नहीं मिला, 7 मजदूरों की मौत; 25 को बचाया गया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chamoli Tunnel Accident Latest Update, Chamoli Tunnel Collapse
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com