लखनऊ: जनगणना आयोग ने चार चुनावी राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और गोवा में जनगणना का दूसरा चरण समय से पहले करने का फैसला किया है. इन चारों राज्यों में एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनगणना होगी. पहले से तय कार्यक्रम के हिसाब से इन राज्यों में देश के दूसरे राज्यों की तरह एक फरवरी से जनगणना होनी थी, लेकिन उसी समय इन राज्यों में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं. इस फैसले से यह साफ हो गया है कि मणिपुर समेत इन सभी पांच राज्यों में समय पर ही विधानसभा चुनाव होंगे.
जनगणना पहले कराई जाएगी
चुनावी राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा में जनगणना का दूसरा चरण पहले होगा. एक दिसंबर से चार जनवरी तक होगी जनगणना. NDTV ने सबसे पहले रिपोर्ट किया था कि जनगणना के कारण चुनाव कार्यक्रम में बदलाव नहीं होगा. NDTV ने बताया था कि इन चुनावी राज्यों में जनगणना पहले कराई जा सकती है. बाक़ी देश में एक फ़रवरी से ही जनगणना का दूसरा चरण शुरू होगा.
कहां कब समाप्त हो रहा विधानसभा का कार्यकाल?
उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 को समाप्त हो रहा है. पिछली बार 10 फरवरी से 7 मार्च 2022 तक सात चरणों में विधानसभा चुनाव कराए गए थे. वहीं, उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल 28 मार्च 2027 को समाप्त होगा. पिछली बार यहां एक चरण में 14 फरवरी 2022 को चुनाव हुआ था. इस बार कुंभ के कारण भी कार्यक्रम में बदलाव हो सकता है.
वहीं, पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च तक है. पिछली बार वहां 20 फरवरी को एक चरण में विधानसभा चुनाव हुआ था.गोवा विधानसभा का कार्यकाल 14 मार्च 2027 तक है. पिछली बार वहां एक चरण में 14 फरवरी 2022 को चुनाव कराया गया था. वहीं. मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल भी मार्च में समाप्त हो रहा है. हालांकि, इस बार वहां जनगणना का काम अभी नहीं होगा.
यह भी पढ़ें- मणिपुर में जनगणना पर केंद्र का ब्रेक: एनआरसी की मांग के बीच क्यों टाला गया जनगणना का काम?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं