- दिल्ली पुलिस ने 11 साल की बच्ची के रेप और हत्या के आरोपी का क्राइम सीन रिक्रिएशन के दौरान एनकाउंटर किया
- आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली मारी
- आरोपी बाशु कुमार सिंह ने बच्ची का अगवा कर कार में यौन उत्पीड़न किया और फिर उसे रिज एरिया में हत्या की
दिल्ली पुलिस ने 11 साल की बच्ची को अगवा कर रेप करने के आरोपी कैब चालक का एनकाउंटर किया है. इस एनकाउंटर में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. पुलिस ने बताया है कि आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी. पुलिस ने आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया है. गोली लगने के बाद रोता हुआ दिखा.
क्राइम सीन रिक्रिएशन के लिए लेकर पहुंची थी पुलिस
यह एनकाउंटर उस वक्त हुआ जब पुलिस 29 साल के बाशु कुमार सिंह को क्राइम सीन पर रिक्रिएशन के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी. आरोपी ने इस वारदात को फतेहपुर बेरी के पास मंडी रोड स्थित पर अंजाम दिया था.
आरोपी ने कथित तौर पर अपनी कार के अंदर बच्ची का यौन उत्पीड़न किया और उसे फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के पास एक रिज एरिया में ले जाकर उसकी हत्या कर दी.
आरोपी के पैर में मारी गोली
पुलिस के अनुसार, जब क्राइम सीन रिक्रिएशन किया जा रहा था, तब आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्तौल छीन ली. एक सीनियर अधिकारी ने कहा, 'इसके बाद हुई झड़प में आरोपी ने भागने की कोशिश की. पुलिस ने आत्मरक्षा में उस पर गोली चलाई और उसे भागने से रोकने के लिए उसके पैर में गोली मार दी.'
आरोपी को तुरंत काबू में किया गया और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. उसकी हालत स्थिर बताई गई है. पुलिस ने कहा कि भागने की कोशिश के संबंध में कानूनी कार्यवाही शुरू की जा रही है.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी के माध्यम से सिंह को कथित बलात्कार और हत्या के छह घंटे के भीतर सोमवार को गिरफ्तार कर लिया. उस पर सोमवार तड़के महरौली में छतरपुर मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ पर अपने परिवार के साथ सो रही बच्ची को अगवा करने, उसके साथ रेप करने और उसकी हत्या करने और उसके शव को हरियाणा सीमा के पास एक रिज एरिया में पत्थरों के नीचे छिपाने का आरोप है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं