बिहार के लोगों को लिए अच्छी खबर है. सरकार ने बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए एक नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को मंजूरी दे दी है. यह एक्सप्रेसवे बक्सर से भागलपुर तक बनेगा. 336 किलोमीटर लंबा 6-लेन बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बिहार के कई जिलों से गुजरेगा. इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद बक्सर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, जमुई और भागलपुर समेत कई जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इस एक्सप्रेसवे से जुड़ी सभी जरूरी बातें यहां जानिए.
336 किमी लंबा होगा एक्सप्रेसवे
मंत्रिपरिषद ने पथ निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर बक्सर-भागलपुर 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को मंजूरी दी है. प्रोजेक्ट को PPP (DBFOT-Toll) मॉडल पर बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) के जरिए डेवलेप किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट की लंबाई करीब 336 किलोमीटर होगी, जबकि कुल लागत लगभग 3700 करोड़ रुपये आंकी गई है.
प्रोजेक्ट के लिए डीपीआर परामर्शी और ट्रांजैक्शन एडवाइजर की सेवाएं लेने और कॉरिडोर के आसपास के बड़े भू-खंडों को आर्थिक उपयोग के लिए विकसित करने की दिशा में भी बीएसआरडीसीएल को अधिकृत किया गया है. इस प्रोजेक्ट से बिहार के कई हिस्सों में सड़क संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है.
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसका ऐलान किया.
बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) August 19, 2026
बक्सर–भागलपुर 6-लेन भाया- अरवल, नालंदा, जमुई, जहानाबाद एवं अन्य जिलों Fully Access Controlled Greenfield Expressway (कुल लंबाई 336 किमी) को PPP (DBFOT Toll) मॉडल पर BSRDCL के माध्यम से विकसित करने के सैद्धांतिक…
बक्सर से भागलपुर का सफर होगा आधा
अभी बक्सर से भागलपुर पहुंचने में करीब 8 घंटे लगते हैं. यह एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह सफर घटकर लगभग 4 घंटे का रह जाएगा. यह पूरी तरह एक्सेस कंट्रोल्ड 6-लेन एक्सप्रेसवे होगा, जिससे तेज और सुरक्षित यात्रा संभव होगी.
इन जिलों को होगा फायदा
- बक्सर
- अरवल
- जहानाबाद
- नालंदा
- जमुई
- पटना
- मोकामा क्षेत्र
- मुंगेर
- भागलपुर
दिल्ली-NCR तक तेज कनेक्टिविटी
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेसवे यूपी-बिहार सीमा पर गाजीपुर-बलिया-मांझी घाट एक्सप्रेसवे के बक्सर लिंक से जुड़ेगा. इसके बाद वाहन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए सीधे दिल्ली-एनसीआर तक पहुंच सकेंगे.
पटना से लखनऊ का सफर होगा आसान
नए एक्सप्रेसवे से बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा और आसान होने की उम्मीद है. एक्सप्रेसवे बनने के बाद पटना से लखनऊ, बक्सर से दिल्ली और भागलपुर से नोएडा जैसे रूट पर यात्रा समय में बड़ी कमी आ सकती है.
गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ने का प्लान
भविष्य में इस कॉरिडोर को उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की भी योजना है. प्रयागराज-वाराणसी-बलिया लिंक कॉरिडोर के जरिए यह कनेक्टिविटी विकसित होने पर दिल्ली-NCR और बिहार के बीच एक और हाई-स्पीड वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर से 40 मिनट में सीतामढ़ी, डेढ़ घंटे में सोनबरसा; बिहार में बनेगा सुपरफास्ट हाईवे, नेपाल तक सफर आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं