विज्ञापन

बृजभूषण शरण सिंह बोले- राजा भैया का दबदबा बनेगा रहेगा, धीरेंद्र कृष्ण की कथा में पहुंचे कई दिग्गज

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भैया के प्रभाव की खुलकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि 'राजा भैया का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा.' वहीं सनातन धर्म को लेकर उन्होंने कहा कि इसे मिटाने की कोशिशें हमेशा हुईं, लेकिन सनातन हमेशा कायम रहा है और आगे भी रहेगा.

NDTV

प्रतापगढ़ जिले के कुंडा विधायक राजा भैया की मौजूदगी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में कई बड़े नेताओं ने राजा भैया के प्रभाव और कद की खुलकर तारीफ की है. पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस दौरान राजा भैया के दबदबे को लेकर बड़ा बयान दिया और कहा कि उनका दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी बना रहेगा. 

राजा भैया की तारीफ में बोले बृजभूषण शरण सिंह

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा में पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भैया की शख्सियत और उनके प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनका दबदबा किसी एक दौर का नहीं है. उन्होंने कहा, "राजा भैया का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा. इनके पिताजी का दबदबा पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा."

बृजभूषण शरण सिंह ने इस मौके पर सनातन धर्म को लेकर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि सतयुग से लेकर कलयुग तक कई बार सनातन को खत्म करने की कोशिशें हुईं, लेकिन यह किसी की मेहरबानी पर नहीं टिका है. उनके मुताबिक सनातन पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा. उन्होंने कहा कि जिन लोगों को अपना इतिहास नहीं मिलता, वे अपना इतिहास तलाश करें, जबकि सनातन का इतिहास और पहचान हमेशा से मौजूद रही है.

मंच पर दिखे कई दिग्गज नेता

कथा कार्यक्रम के दौरान मंच पर कई प्रमुख राजनीतिक चेहरे मौजूद रहे. इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता डॉ. संजीव बालियान भी शामिल थे. राजा भैया ने मंच से उनका स्वागत करते हुए उन्हें हिंदू हितों के लिए संघर्ष करने वाला नेता बताया. उन्होंने कहा कि संजीव बालियान ने हमेशा लोगों के हक और अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी है और आम लोगों के लिए लड़ाई लड़ी है.

वहीं डॉ. संजीव बालियान ने भी राजा भैया की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि राजा भैया की वजह से उन्हें पहली बार बाबा बागेश्वर के दर्शन करने का अवसर मिला. 

बालियान ने कहा कि आखिर राजा भैया की ऐसी क्या शख्सियत है कि वे लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं. उन्होंने इशारों में कहा कि जहां एक बार जीत दर्ज करने के लिए नेताओं को राजनीतिक दलों का सहारा लेना पड़ता है, वहीं राजा भैया लगातार जनता का भरोसा हासिल करते रहे हैं.

संजीव बालियान ने अपने संबोधन में राजा भैया से जुड़ी सामाजिक गतिविधियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब भी वह हरिद्वार जाते हैं तो वहां आशीष जी से राजा भैया के बारे में चर्चा होती है. उन्होंने कुष्ठ रोगियों और जरूरतमंद लोगों के लिए किए गए कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज के लिए मिसाल हैं.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की शिव-पार्वती वाली दलील पर भाजपा ने पूछ लिया अलाउद्दीन खिलजी-मलिक काफूर वाला सवाल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Raja Bhaiya, Brijbhushan Sharan, Bageshwar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com