विज्ञापन

एवरेस्ट रैंकिंग पर पहुंची महिला भारतीय हॉकी टीम, भारतीय महिलाओं की टीम ने रचा इतिहास

साल 2026 भारतीय महिला हॉकी के लिए बेहद यादगार रहा है. टीम ने साल की शुरुआत FIH विश्व कप के लिए क्वालीफाई करके और फिर FIH नेशंस कप जीतकर की.

एवरेस्ट  रैंकिंग पर पहुंची महिला भारतीय हॉकी टीम, भारतीय महिलाओं की टीम ने रचा इतिहास
साल 2026 भारतीय महिला हॉकी के लिए बेहद यादगार

भारतीय टीम ने मंगलवार को मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में चीन पर 6-2 की शानदार जीत के बाद यह मुकाम हासिल किया. भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) रैंकिंग में अपनी अब तक की बेस्ट वर्ल्ड नंबर 5 - हासिल कर ली है. भारतीय टीम ने यह कामयाबी मंगलवार को भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में चीन पर 6-2 की शानदार जीत के बाद कर ली.

यह ऐतिहासिक उपलब्धि भारतीय महिला हॉकी के सफर में एक बड़ा मील का पत्थर है, जो टीम के लगातार शानदार प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते कद को दर्शाती है. अक्टूबर 2003 में शुरू हुई FIH रैंकिंग में भारतीय महिला टीम ने वर्षों में लगातार प्रगति की है, और अब पांचवां स्थान उसकी अब तक की सबसे ऊंची रैंकिंग है.

भारत की पिछली सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग नंबर 6 थी, जो टीम ने मई-जून 2022 में शानदार FIH प्रो लीग अभियान के बाद हासिल की थी और 2023 में फिर से हासिल की. इससे पहले, टोक्यो 2020 ओलंपिक खेलों में चौथे स्थान पर रहने के बाद टीम नंबर 8 पर पहुंची थी, जबकि 2018 में FIH महिला हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद टीम नंबर 9 पर पहुंची थी.

चीन पर जीत टूर्नामेंट के लिहाज से भी बेहद अहम रही। चीन, जो ताजा FIH रैंकिंग अपडेट में नंबर 8 पर खिसक गया है, के खिलाफ भारत की 6-2 की जीत महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में चीन के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले 2013 के संस्करण में भारत ने 4-2 से जीत दर्ज की थी. भोपाल में घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया, जो हाल के दिनों में टीम के आत्मविश्वास और आक्रामक इरादों को दर्शाता है.

साल 2026 भारतीय महिला हॉकी के लिए बेहद यादगार रहा है. टीम ने साल की शुरुआत FIH विश्व कप के लिए क्वालीफाई करके और फिर FIH नेशंस कप जीतकर की. कोच श्योर्ड मारिन्जे की अगुआई में टीम ने इसके बाद FIH महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद टूर्नामेंट में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इसके बाद टीम ने 44 साल के इंतजार को खत्म करते हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता. इन उपलब्धियों ने मिलकर अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी में भारत की स्थिति को शीर्ष टीमों में और मजबूत किया है.

हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने टीम को ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी. उन्होंने कहा, “यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और हर भारतीय हॉकी समर्थक के लिए जश्न मनाने का पल है.  खिलाड़ियों ने पूरे साल जबरदस्त जज्बा और दृढ़ संकल्प दिखाया है, और अपनी कड़ी मेहनत को बड़े मंचों पर नतीजों में बदला है। नेशंस कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने से लेकर 1974 के बाद विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन तक, उन्होंने भारतीय हॉकी को गर्व करने के कई मौके दिए हैं। दुनिया में पांचवें स्थान पर पहुंचना एक और महत्वपूर्ण कदम है, और हमें पूरा विश्वास है कि इस टीम में आने वाले वर्षों में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की क्षमता है.”

ऐतिहासिक वर्ल्ड नंबर 5 रैंकिंग के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम अपनी जीत की लय को आगे बरकरार रखना चाहेगी और देश में महिला हॉकी के लिए ऐतिहासिक रहे इस साल को और भी यादगार बनाना चाहेगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com