पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद लगातार हिंसा की खबरें आ रही हैं. इस बीच मुर्शिदाबाद के सालार में बड़ा बम धमाका हुआ है. इस धमाके में एक शख्स का हाथ उड़ गया. मौके पर पुलिस और केंद्रीय फोर्स पहुंच गई है. मामले की जांच जारी है.
जानकारी के अनुसार, यह बम धमाका मुर्शिदाबाद के सालार थाने के खडेरा गांव में हुई है. धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई. स्थानीय सूत्रों ने बताया कि इस घटना में बादशा उर्फ रुमजान शेख नाम के 18 साल के युवक के दोनों हाथ उड़ गए. घटना की खबर मिलने के बाद सालार थाने की पुलिस और सेंट्रल फोर्स मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घायल युवक को इलाज के लिए सालार ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया.
कैसे हुआ बम धमाका?
पुलिस को यह खबर मिली थी कि गांव में फैजल शेख नाम के शख्स के घर के पास एक तालाब के किनारे बम रखे हुए थे. बुधवार को सालार थाने की पुलिस ने फैजल शेख को गिरफ्तार किया. आज पुलिस की छापेमारी के डर से घर से बम हटाए जा रहे थे. बम हटाते समय ही यह धमाका हुआ.
बंगाल में कई जगह हुई हिंसा
बता दें कि बंगाल में चुनावी परिणाम घोषित होने के बाद दक्षिण 24 परगना सहित राज्य के कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं. तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले और पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं. पुलिस ने कहा है कि ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
हुमायूं कबीर पहुंचे हाई कोर्ट
इस बीच आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा को रोकने के लिए हस्तक्षेप की मांग करते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया. कबीर ने आरोप लगाया कि 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुर्शिदाबाद जिले में बड़े पैमाने पर राजनीतिक रूप से प्रेरित और सुनियोजित हिंसा हुई है. उन्होंने अदालत में दायर याचिका में कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ की गई और उनके कार्यकर्ताओं को पीटा गया. उन्होंने मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल और न्यायमूर्ति पार्थ सारथी सेन की खंडपीठ में मामला दायर कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं