- दिल्ली में चार दिसंबर 2026 से भारत बिएनाले का आयोजन होगा, जो 108 दिनों तक चलेगा और मार्च 2027 में समाप्त होगा
- आयोजन के मुख्य केंद्र के रूप में पुराना किला चुना गया है, लाल किला, कुतुब मीनार जैसे स्थल भी शामिल होंगे
- दिल्ली सरकार ने एकल खिड़की व्यवस्था बनाई है, ताकि आयोजनों के लिए जरूरी अनुमतियां समय पर दी जा सकें
दिल्ली में दिसंबर से कला और संस्कृति का ऐसा अनूठा उत्सव शुरू होने जा रहा है, जहां देश की ऐतिहासिक इमारतें, संग्रहालय और सार्वजनिक स्थल कला के रंगों से सजेंगे. राजधानी में चार दिसंबर 2026 से ‘भारत बिएनाले 2026' का आयोजन होने जा रहा है. यह आयोजन 108 दिनों तक चलेगा और 21 मार्च 2027 को समाप्त होगा. इसकी तैयारियों को लेकर दिल्ली सरकार ने अधिकारियों को जरूरी अनुमतियां देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम यानी एकल खिड़की व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया है. इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि दिल्ली के 22 से ज्यादा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को एक बड़े कला मंच के रूप में विकसित किया जाएगा. यानी लोग सिर्फ कला प्रदर्शनियां ही नहीं देखेंगे, बल्कि राजधानी की ऐतिहासिक विरासत को भी एक नए अंदाज में महसूस कर सकेंगे.
पुराना किला होगा आयोजन का मुख्य केंद्र
‘तत् त्वम् असि' यानी ‘तुम वही हो' थीम पर आधारित इस आयोजन का मुख्य केंद्र पुराना किला होगा. इसके अलावा लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा, सफदरजंग मकबरा और लोधी गार्डन जैसे ऐतिहासिक स्थल भी इसका हिस्सा बनेंगे. महरौली, हौज खास और अग्रसेन की बावली में भी कला से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. वहीं राष्ट्रीय संग्रहालय, नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र और ललित कला अकादमी जैसे प्रमुख संस्थान भी इस आयोजन में शामिल होंगे. इस तरह दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों और सांस्कृतिक संस्थानों को एक साझा मंच पर लाकर कला, इतिहास और आधुनिक सोच का संगम तैयार किया जाएगा.
केंद्रीय मंत्री और CM रेखा की हाई लेवल बैठक
भारत बिएनाले की तैयारियों को लेकर सोमवार को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सह-अध्यक्षता में हाई लेवल बैठक हुई. बैठक में आयोजन की तैयारियों, अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारियों और जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजन से जुड़े सभी काम समय पर पूरे किए जाएं. इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें. अस्थायी मंडप बनाने, प्रदर्शनी स्थल तैयार करने, होर्डिंग लगाने, आउटडोर विज्ञापन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए जरूरी अनुमतियां समय पर देने को कहा गया है.
GRAP के दौरान न रुके तैयारियां, पहले ही मिलेंगी मंजूरियां
दिल्ली में सर्दियों के दौरान प्रदूषण की समस्या को देखते हुए आयोजन की तैयारियों में GRAP के नियमों का भी ध्यान रखा जा रहा है. दिसंबर और जनवरी में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रतिबंध लागू हो सकते हैं. ऐसे में सरकार चाहती है कि कला प्रतिष्ठानों और अस्थायी ढांचों से जुड़े जरूरी काम पहले ही पूरे कर लिए जाएं. इसी वजह से अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जहां संभव हो, निर्माण और आयोजन से जुड़ी गतिविधियों की मंजूरी पहले ही दे दी जाए, ताकि प्रदूषण संबंधी पाबंदियां लागू होने पर तैयारियों में कोई रुकावट न आए.
200 से ज्यादा प्रस्ताव मिले, 40 प्रदर्शनियों पर मुहर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, भारत बिएनाले 2026 को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर आयोजित किया जा रहा है. इसमें सरकार के साथ कॉरपोरेट कंपनियां, सांस्कृतिक संस्थान, फाउंडेशन, कलाकार, संग्रहालय, कला दीर्घाएं और अंतरराष्ट्रीय सहयोगी भी हिस्सा लेंगे. आयोजन के लिए अब तक प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ज्ञानवर्धक गतिविधियों से जुड़े 200 से ज्यादा प्रस्ताव मिल चुके हैं. इनमें से करीब 40 प्रदर्शनियों की पुष्टि भी हो चुकी है. इसके अलावा 19 देशों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ सहयोग को लेकर बातचीत जारी है.
ये भी पढ़ें:- दिल्ली में 15 लाख की पेंटिंग बनी आकर्षण का केंद्र, ट्राइब्स आर्ट फेस्ट में कलाकारों का कमाल
दुनियाभर के कलाकारों को मिलेगा मंच
भारत बिएनाले केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित किया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम है. इसमें भारत और दुनिया के अलग-अलग देशों के कलाकार, वास्तुकार, डिजाइनर और सांस्कृतिक संस्थान हिस्सा लेंगे. कुल मिलाकर, दिल्ली में होने वाला यह 108 दिवसीय आयोजन राजधानी को अंतरराष्ट्रीय कला और संस्कृति के बड़े केंद्र के रूप में पेश करने की कोशिश है. खास बात यह होगी कि यहां कला देखने के लिए लोगों को किसी एक प्रदर्शनी हॉल तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि पूरी दिल्ली एक विशाल कला दीर्घा की तरह नजर आएगी.
ये भी पढ़ें:- मलबे के ढेर में भी है जान! कलाकार ने ईंटों से उकेरी ऐसी दास्तां, देखकर आप भी कहेंगे- वाह उस्ताद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं