बेंगलुरु के बाहरी इलाके में अनेकल के पास एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में, कथित तौर पर एयर गन से सिक्योरिटी गार्ड्स और गाड़ियों की तरफ गोली चलाने का मामला सामने आया है. वारदात में एक 40 साल के IT प्रोफेशनल को हिरासत में लिया गया है. यह घटना अनेकल में बांदापुर के पास सिपानी अपार्टमेंट्स में हुई. आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले अनुराग तिवारी के तौर पर हुई है. वह पिछले आठ महीनों से किराए के फ्लैट में रह रहा था और व्हाइटफील्ड की एक प्राइवेट IT कंपनी में काम करता था.
गार्ड्स की तरफ भी गोलीबारी!
गन के पैलेट्स यानी छर्रे मौके पर खड़ी कारों और पार्किंग एरिया को ढंकने वाली मेटल की शीट से टकराए. गोली चलने की आवाज सुनकर सिक्योरिटी गार्ड्स मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उनकी तरफ भी गोली चलाई.
ये भी पढ़ें: सड़ी-गली सब्जियां, एक्सपायर्ड दूध... बेंगलुरु के 5-स्टार होटलों में छापेमारी के बाद चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस ने बताया कि करीब 45 मिनट तक गोलीबारी होती रही, जिसके बाद सूर्य नगर पुलिस अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एयर गन और पैलेट जब्त कर लिए हैं. सूर्य नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं