ODI becomes first format with 5000 matches : 7 अगस्त को जब स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच डंडी में खेला गया मैच वनडे फ़ॉर्मेट का 5000 मैच था, इस ऐतिहासिक मैच में स्कॉटलैंड ने कनाडा को 9 रन से हराया. डंडी (स्कॉटलैंड) में खेले गए ICC मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के इस ऐतिहासिक मैच में फिनले मैकक्रेथ ने शतक लगाया और उन्हें 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया. इस फ़ॉर्मेट की शुरुआत जनवरी 1971 में हुई थी और पिछले 55 सालों में इसमें लगातार बदलाव आए हैं. 1971 से अब तक, 55 सालों में 29 देशों ने वनडे मैच खेले हैं, इसी फॉर्मेट से वर्ल्ड कप का कॉन्सेप्ट आया और भारत भी इसी फॉर्मेट में पहली बार वर्ल्ड चैंपियन भी बना था.
5000 मैचों के दौरान इस फॉर्मेट में कई रिकॉर्ड बने हैं, ऐसे में आज जानते हैं ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच किसने खेले हैं, किस टीम ने सबसे ज्यादा जीत हासिल की है, किसने सबसे ज्यादा रन और शतक बनाए हैं, और बॉलिंग में कौन सबसे आगे है?

भारत ने 575 मैच जीते
भारत ने अबतक 1081 वनडे मैचों में से 575 मैच जीते हैं, मैच खेलने के मामले में ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है, लेकिन जीत के मामले में पहले नंबर पर है. ऑस्ट्रेलिया ने 1025 मैचों में से 619 मैच जीते हैं, पाकिस्तान तीसरे नंबर पर है. उन्होंने 1002 मैच खेले और 529 में जीत हासिल की है.
किस टीम ने वनडे में जीते हैं सबसे ज्यादा मैच (अबतक)
| रैंक | देश | मैच खेले | जीत | हार |
| 1 | ऑस्ट्रेलिया | 1025 | 619 | 362 |
| 2 | भारत | 1081 | 575 | 452 |
| 3 | पाकिस्तान | 1002 | 529 | 443 |
| 4 | श्रीलंका | 945 | 436 | 461 |
| 5 | वेस्टइंडीज | 904 | 431 | 429 |
| 6 | न्यूजीलैंड | 858 | 402 | 405 |
| 7 | इंग्लैंड | 826 | 411 | 375 |
| 8 | साउथ अफ्रीका | 698 | 421 | 250 |
| 9 | जिम्बाब्वे | 586 | 156 | 406 |
| 10 | बांग्लादेश | 467 | 170 | 286 |
सचिन ने 463 मैच खेले
सचिन तेंदुलकर वनडे में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले बल्लेबाज हैं. तेंदुलकर ने सबसे ज्यादा 463 वनडे मैच खेले हैं. इस लिस्ट में श्रीलंका के चार, पाकिस्तान के तीन, भारत के दो और ऑस्ट्रेलिया का एक खिलाड़ी शामिल है.
सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 10 खिलाड़ियों में चार भारतीय शामिल हैं
वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-10 खिलाड़ियों में चार भारतीय शामिल हैं. सचिन पहले, कोहली दूसरे, रोहित शर्मा तीसरे और सौरव गांगुली चौथे स्थान पर हैं.
ऑस्ट्रेलिया ने जीते हैं सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम ऑस्ट्रेलिया है. ODI वर्ल्ड कप के अब तक कुल 13 संस्करण खेले जा चुके हैं, ऑस्ट्रेलिया 6 बार यह ट्रॉफी जीती है, जिसमें 2023 में जीता गया पिछला खिताब भी शामिल है. भारत और वेस्टइंडीज ने दो-दो बार यह खिताब जीता है.
कोहली, सचिन और रोहित के नाम सबसे ज्यादा शतक
कोहली ने वनडे में सबसे ज्यादा 54 शतक लगाए हैं, सचिन 49 शतकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं, जबकि रोहित 34 शतकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं. रिकी पोंटिंग 30 शतकों के साथ चौथे नंबर पर हैं.
मुरलीधरन ने 534 विकेट लिए
श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन ने वनडे मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उन्होंने 350 मैचों में 534 विकेट लिए हैं. एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के वकार यूनिस के नाम है. उन्होंने 13 बार एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने का कमाल किया है. मुरलीधरन जैसे गेंदबाज अब क्रिकेट के मैदान पर आना मुश्किल है.
रिकी पोंटिंग सबसे सफल कप्तान
सबसे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के नाम है. उन्होंने कप्तान के तौर पर 230 वनडे मैच खेले और सबसे ज़्यादा 165 मैच जीतने में सफलता हासिल की है.
वनडे में सबसे ज्यादा रन की पारी खेलने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा
वनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है. रोहित ने साल 2014 में श्रीलंका के खिलाफ मैच में 264 रन बनाए थे, रोहित अकेले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 3 दोहरे शतक लगाए हैं, वनडे में सबसे ज्यादा छक्के (369) लगाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है.
ये भी पढ़ें- 47 साल पहले सुनील गावस्कर ने खेली थी ऐसी महान पारी कि कांप उठा था इंग्लैंड, आज भी रोंगटे खड़े कर देती है कहानी
ये भी पढ़ें- राशिद खान नंबर 3, मुथैया मुरलीधरन से आगे वकार यूनिस, ODI में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल करने वाले टॉप 20 गेंदबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं