बेंगलुरु में एक परिवार के तीन सदस्यों की उनके अपार्टमेंट में बेरहमी से हत्या कर दी गई. तीनों पर किसी धारदार हथियार से जानलेवा वार किये गए. मृतकों की पहचान सोमसुंदर (55), उनकी पत्नी मुथुलक्ष्मी (48) और उनकी छोटी बेटी सुप्रिया (20) के रूप में हुई है. पुलिस को शक है कि इन तीनों की हत्या, परिवार की बड़ी बेटी श्वेता ने अपने बॉयफ्रेंड केनेथ के साथ मिलकर की है. श्वेता और केनेथ पिछले लंबे समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे और घटना के बाद से फरार हैं.
परिवार को पसंद नहीं था श्वेता का लिव-इन रिलेशन
श्वेता काफी समय से अपने बॉयफ्रेंड केनेथ के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही है, लेकिन परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था. पुलिस को शक है कि हत्याएं इसी वजह से की गई होंगी. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, श्वेता के माता-पिता केनेथ के साथ उसके रिश्ते के खिलाफ थे. यह चौंकाने वाली घटना सोमवार को केआर पुरम पुलिस स्टेशन इलाके के सीगेहल्ली में धमानिक लेआउट स्थित साई ग्रीन अपार्टमेंट में हुई है.
श्वेता और केनेथ की तलाश में जुटी पुलिस
बेंगलुरु पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या हत्याएं पहले से सोची-समझी साजिश का हिस्सा थीं? क्या श्वेता और केनेथ ने मिलकर इन हत्याओं को अंजाम दिया? पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए ईस्ट पॉइंट हॉस्पिटल भेजा गया है. श्वेता और केनेथ की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों को हिरासत में ले लिया जाएगा.
श्वेता पर था 30 लाख रुपये का कर्ज
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी श्वेता पर लगभग 30 लाख रुपये का कर्ज है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्वेता के माता-पिता अक्सर बढ़ते कर्ज के बारे में उससे सवाल करते थे, जिससे परिवार में टेंशन का माहौल पैदा हो जाता था.
पुलिस को शक, गंडासे से किया तीनों का कत्ल
हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस टीम का मानना है कि श्वेता और केनेथ सोमवार को घर गए थे, जब घर पर सिर्फ उसकी मां मुथुलक्ष्मी मौजूद थीं. उसके पिता सोमसुंदर और छोटी बहन सुप्रिया घर पर नहीं थे. पुलिस को शक है कि श्वेता, केनेथ और मुथुलक्ष्मी के बीच बहस हुई थी. बहस के दौरान, कथित तौर पर मुथुलक्ष्मी पर किसी धारदार हथियार (जैसे कि गंडासा) से हमला किया गया और उनकी हत्या कर दी गई. हत्या के बाद, सोमसुंदर और सुप्रिया के घर लौटने से पहले आरोपियों ने कथित तौर पर बाथरूम में खून के धब्बे धो दिए.
ये भी पढ़ें :- कम सैलरी में काम पर लगे, रेकी कर चाबियां पता कीं, फिर लाखों चुराकर रफूचक्कर हुए नौकर
श्वेता ने छोटी बहन और बाप पर बेरहमी से किये वार!
पुलिस के अनुसार, जब सुप्रिया घर में दाखिल हुई, तो श्वेता ने कथित तौर पर उसे पकड़ लिया और केनेथ ने हथियार से उस पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद सोमसुंदर पर भी कथित तौर पर उसी हथियार से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, वह घर से बाहर भागने और मदद मांगने में कामयाब रहे. बाद में उनकी मौत हो गई. पुलिस श्वेता और केनेथ की तलाश कर रही है, जो अभी भी फरार हैं. हालांकि, घटना का असली मकसद अभी सामने नहीं आया है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन अभी तक कोई जानकारी साझा नहीं की गई है.
ये भी पढ़ें :- कमरे में बुलाया, प्राइवेट पार्ट छुए, जबरन चूमा... बॉक्सिंग कोच की 17 साल की ट्रेनी संग गंदी हरकत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं